उत्तराखंड में मास्क न पहनने पर अब एक हजार रुपये तक जुर्माना
उत्तराखंड में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के बावजूद मास्क न पहनने पर पर अब एक हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के बावजूद मास्क न पहनने पर पर अब एक हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। इसके लिए शासन ने उत्तराखंड राज्य महामारी कोविड-19 (द्वितीय संशोधन) विनियमावली जारी कर दी है। इसमें यह भी प्रविधान किया गया है कि चालान काटने के बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति को मुफ्त चार मास्क उपलब्ध कराएगी।
प्रदेश सरकार ने कुछ दिनों पहले कैबिनेट के जरिये उत्तराखंड राज्य महामारी कोविड-19 (द्वितीय संशोधन) विनियमावली 2020 को अपनी मंजूरी दी थी। अब इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पहली बार बिना मास्क पहने पकड़े जाने पर 200 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। दूसरी बार बिना मास्क पहने पर जुर्माना राशि 500 रुपये हो जाएगी। तीसरी और उसके बाद हर बार बिना मास्क पहने पकड़े जाने पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
55 से अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से छूट
कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए 55 साल से अधिक उम्र वाले पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी से छूट दी गई है। डीआइजी अरुण मोहन जोशी के अनुसार, ऐसे कर्मचारियों को आपात स्थिति को छोड़कर ड्यूटी पर न बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ नियुक्त कोई भी अधिकारी या कर्मचारी जिसमें कोरोना के लक्षण दिखें और जो किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हों, वह तुरंत क्वारंटाइन हो जाएं। आवश्यक हो तो कोरोना जांच कराएं। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। कहा कि बीमार और अधिक उम्र वाले कर्मचारियों को संक्रमण का अधिक खतरा है। इसलिए उन्हें ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
डीएम देहरादून को सीइओ स्मार्ट सिटी का अतिरिक्त प्रभार
शासन ने चार आइएएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव को स्मार्ट सिटी, देहरादून के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीइओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह पहले भी यह दायित्व संभाल चुके हैं। गुरुवार को कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव से शहरी विकास और परियोजना निदेशक, उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी का जिम्मा वापस लिया गया है। यह जिम्मेदारी अपर सचिव व नगर आयुक्त देहरादून विनय शंकर पांडेय को सौंपी गई है। अपर सचिव रणवीर सिंह से सीइओ स्मार्ट सिटी का पदभार वापस लिया गया है। उनके शेष पदभार यथावत रहेंगे।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बिना मास्क सार्वजनिक स्थानों पर घूमना पड़ेगा भारी, लगेगा ज्यादा जुर्माना