MBBS में फर्जी प्रमाण पत्र से दाखिले का एक और मामला पकड़ में आया, एससी के फर्जी सर्टिफिकेट से लिया था दाखिला, सीट रद
उत्तराखंड में नीट यूजी काउंसलिंग के दौरान फर्जी एससी प्रमाण पत्र के आधार पर एमबीबीएस सीट हासिल करने का एक और मामला सामने आया है।

यह फोटो एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। नीट यूजी काउंसलिंग में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर एमबीबीएस सीट हासिल करने का एक और मामला सामने आया है। दून जिला प्रशासन की सत्यापन रिपोर्ट के बाद एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने एससी कोटे में श्रीनगर मेडिकल कालेज में कुसुम मल को आवंटित सीट रद कर दी।
इसके साथ ही फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर रद की गई एमबीबीएस सीटों की संख्या अब 16 हो गई है। कुसुम मल ने एससी श्रेणी के प्रमाण पत्र के आधार पर एमबीबीएस में प्रवेश लिया था।
विश्वविद्यालय ने प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए इसे जिला प्रशासन को भेजा था। जांच में प्रमाण पत्र सही नहीं पाए जाने की रिपोर्ट मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने दाखिला निरस्त कर दिया।
तीसरी काउंसलिंग के बीच जांच तेज
एमबीबीएस की तीसरे चरण की काउंसलिंग के लिए मंगलवार से पंजीकरण शुरू हो गया है। दूसरी ओर, पहले और दूसरे चरण में सीट पाने वाले छात्रों के स्थाई निवास, और आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्रों का सत्यापन जारी है।
यह भी पढ़ें- पर्वतीय क्षेत्रों से दिल्ली-देहरादून के लिए एसी बस सेवा की तैयारी तेज, मार्गवार प्रस्ताव मांगे
विश्वविद्यालय ने संदिग्ध दस्तावेज जिलों को भेजकर रिपोर्ट मांगी है। जिलों से रिपोर्ट मिलने के साथ ही संबंधित दाखिलों पर कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि इससे पहले भी फर्जी प्रमाण पत्र मिलने पर एमबीबीएस की 15 सीटें रद की जा चुकी हैं।
