महंत दिलीप की गोदियाल को चुनौती, धारी देवी की कसम खाकर लें हरक के चरित्र की गारंटी
भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत ने कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को धारी देवी की कसम खाकर हरक सिंह रावत के चरित्र की गारंटी लेने की चुनौती दी है।

भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत.
HighLights
महंत दिलीप ने गोदियाल को हरक के चरित्र की गारंटी लेने को कहा
हरक की पत्नी दीप्ति रावत के गंभीर आरोपों का जिक्र किया
असम की लड़की के आरोपों पर भी सवाल उठाए गए
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा जेनी प्रकरण को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री व प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत को घेरने में कसर नहीं छोड़ रही।
गुरुवार को लैंसडौन के भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत ने हरक सिंह के साथ ही उनके समर्थन में खड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को निशाने पर लिया। उन्होंने गोदियाल को चुनौती दी कि वह धारी देवी में कसम खाकर हरक सिंह के चरित्र की गारंटी लें।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह की पत्नी दीप्ति रावत के हालिया वीडियो का हवाला देते हुए विधायक दिलीप रावत ने कहा कि दीप्ति रावत ने अपने पति की भूमिका को लेकर जो सवाल उठाए, वे बेहद गंभीर हैं। उनके जवाब मिलने ही चाहिए।
भाजपा प्रत्येक पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। राज्य में यूसीसी लागू है, लिहाजा परिवार और सामाजिक रूप से कांग्रेस नेता पर लगे आरोपों का सतर्कता से निवारण होना आवश्यक है।
महीनेभर से एक परिवार बहुत पीड़ित
हरक सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि महीनेभर से एक परिवार बहुत पीड़ित है। दीप्ति रावत पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एक विद्यालय की प्रिंसिपल रह चुकी हैं। वह न्याय की मांग कर रही हैं।
उनका प्रश्न है कि क्या कोई महिला उनके पति का नाम प्रयोग करके अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बना सकती है या गलत तरीके से मेरे पति का नाम अपने निजी हित के लिए प्रयोग कर सकती है। उन्होंने कहा कि दीप्ति रावत की पीड़ा को भाजपा समझती है और उनके साथ खड़ी है।
विधायक दिलीप रावत ने कहा कि दीप्ति रावत ने जो बात उठाई, वह असत्य है तो फिर उनके खिलाफ भी कार्यवाही होनी चाहिए। एक अन्य गंभीर आरोप की चर्चा करते हुए कहा कि एक प्रकरण अभी हुआ है, असम की लड़की आई है। उन्होंने कथित रूप से हरक सिंह रावत का नाम लिया है कि वह मेरे पुत्र के पिता हैं।
उन्होंने तंज कसा कि किसी जमाने में एक फूल दो माली की जगह अब एक फूल तीन माली की स्थिति बन गई है। लिहाजा इस घटनाक्रम की मुख्य धुरी हरक सिंह स्पष्ट करें कि जो आरोप उन पर लग रहे हैं, जो उनके परिवार ने उनके ऊपर लगाए है, क्या वे सही हैं अथवा गलत।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि अंकिता के स्वजन सरकार की मदद से संतुष्ट नहीं हैं तो उन्हें स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वह चाहें तो सहायता वापस कर सकते हैं। यद्यपि, वह और भाजपा उनके साथ मजबूती के साथ खड़ी है। स्वजन न्याय मांग रहे हैं। जब सरकार उस दिशा में काम कर रही है तो फिर उन्हें भी सोचना चाहिए। ऐसी स्थिति में सरकार को भी उनकी ऐसी किसी भी मांग पर विचार करना चाहिए।
दिलीप रावत के आरोपों का जवाब देने से हरक ने किया इन्कार
उधर, विधायक दिलीप रावत के आरोपों पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने टिप्पणी करने से ही इन्कार कर दिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने दिलीप रावत के पिता भारत सिंह रावत को दो बार विधानसभा के चुनाव में हराया।
वह बहुत अच्छे व्यक्ति थे। हारने के बावजूद वह उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे। दिलीप उनके लिए बच्चे जैसा है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है।
यह भी पढ़ें- हरक सिंह रावत ने जेनी को बताया भाजपा की कठपुतली, पुराने आरोपों पर उठाए सवाल
यह भी पढ़ें- जेनी प्रकरण में असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की एंट्री, एक्स पर पोस्ट कर बोले- ' मैं न्याय की लड़ाई में साथ हूं'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।