विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धराली आपदा: 119 किमी प्रति घंटा वेग से आया मलबा, 25 लाख घन मीटर हुआ जमाव

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:03 PM (IST)

उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त 2025 को आई आपदा बादल फटने से नहीं, बल्कि लगातार बारिश और ग्लेशियर पिघलने से हुए मलबे के तेजी से खिसकने के कारण हुई थी। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

सुमन सेमवाल, देहरादून। उत्तरकाशी के धराली में पांच अगस्त 2025 को आई विनाशकारी आपदा के पीछे बादल फटना नहीं, बल्कि लगातार वर्षा और बर्फ पिघलने से कमजोर हुए ग्लेशियर से जुड़े मलबे का तेजी से नीचे खिसकना प्रमुख कारण था।

वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान समेत पांच विज्ञानी संस्थाओं की संयुक्त तकनीकी रिपोर्ट में यह निष्कर्ष सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, मलबे की अधिकतम गति 33 मीटर प्रति सेकंड यानी करीब 119 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची थी।

इसका अधिकतम प्रवाह दबाव 2186 किलोपास्कल आंका गया। वहीं, धराली में मलबे की जमाव ऊंचाई 10 से 15 मीटर तक रही। इस रिपोर्ट को वाडिया में जियो रिसर्च स्कालर्स मीट में साझा किया गया।

छह चरणों में आया मलबे का सैलाब

विशेषज्ञों ने घटना के वीडियो का विश्लेषण कर मलबे के छह अलग-अलग प्रवाह चरणों की पहचान की। पहला और सबसे विनाशकारी प्रवाह दोपहर करीब 1:30 बजे आया। इसमें बड़े-बड़े बोल्डर, चट्टानों के टुकड़े और पेड़ों का मलबा शामिल था।

दूसरा प्रवाह दोपहर 2:40 बजे आया, जिसमें गीली मिट्टी और महीन मलबे की मात्रा अधिक थी। तीसरा प्रवाह 3:30 बजे आया, जिसने एक संचार टावर के आधार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसके बाद 3:45 और 3:50 बजे चौथा और पांचवां प्रवाह आया। छठा प्रवाह शाम करीब 6:30 बजे पहुंचा। इसने पूरे मलबा क्षेत्र में 1.5 से दो मीटर तक मोटी नई तलछट जमा कर दी।

25 लाख घन मीटर मलबा जमा, 20 हेक्टेयर में फैला क्षेत्र

रिपोर्ट में रैम्स डेब्रिस फ्लो माडल के माध्यम से घटना का पुनर्निर्माण किया गया। इसमें शुरुआत में दो मिलियन घन मीटर मलबा छोड़े जाने का अनुमान लगाया गया। रास्ते में करीब पांच लाख घन मीटर अतिरिक्त सामग्री का कटाव हुआ। इस तरह धराली में कुल जमा मलबे की मात्रा लगभग 25 लाख घन मीटर आंकी गई।

इस आंकड़े का मिलान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (एनआरएससी) के उपग्रह विश्लेषण से भी किया गया। मलबे का फैलाव करीब 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पाया गया।

इसकी औसत ऊंचाई 12.5 मीटर रही। मलबे के दबाव और जमाव से बस्ती के अधिकांश होटल, होमस्टे, दुकानें, आवासीय भवन और राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 400 से 500 मीटर हिस्सा नष्ट हो गया।

चार किलोमीटर में 1200 मीटर नीचे आया मलबा, बस्तियों को नो-बिल्ड जोन बनाने की सिफारिश

रिपोर्ट के अनुसार, करीब 3730 मीटर की ऊंचाई पर दो जलधाराएं मिलती हैं। इसके बाद मलबे को लगभग चार किलोमीटर के रास्ते में 1200 मीटर की ऊंचाई का अंतर पार करना पड़ा। 45 से 75 डिग्री तक की तीखी ढलान और संकरी घाटी ने मलबे की गति बढ़ाई।

विशेषज्ञों ने धराली के प्रभावित क्षेत्र को पुनर्वास के लिए अनुपयुक्त बताते हुए नो-बिल्ड जोन घोषित करने और प्रभावित हिस्से में राष्ट्रीय राजमार्ग का स्तर कम से कम पांच मीटर ऊंचा करने की सिफारिश की है।

यह भी पढ़ें- देहरादून के जनजातीय विद्यालय में अरुणाचल के CM पेमा खांडू का दौरा, बोले जहां भी जाएं अपनी भाषा-संस्कृति के साथ बढ़ें आगे

यह भी पढ़ें- देहरादून में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का बड़ा एक्शन, केएफसी और पांच बार-क्लब सील

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।