सरकार बनते ही निरस्त होगा देवस्थानम बोर्ड, जानिए और क्या बोले आप के प्रदेश प्रवक्ता
रविवार को पत्रकारों से वार्ता में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवीन पिरसाली व केदारनाथ विधानसभा प्रभारी सुमंत तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार देवस्थानम बोर्ड के नाम पर तीर्थ पुरोहितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।

जागरण संवाददाता, देहरादून : आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता नवीन पिरसाली ने कहा कि आप की सरकार बनते ही पहली कलम से देवस्थानम बोर्ड को निरस्त किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार तीर्थ पुरोहितों के साथ अन्याय कर रही है।
रविवार को पत्रकारों से वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता नवीन पिरसाली व केदारनाथ विधानसभा प्रभारी सुमंत तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार देवस्थानम बोर्ड के नाम पर तीर्थ पुरोहितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। तीर्थ पुरोहित बोर्ड के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। कहा कि देवस्थानम बोर्ड के जरिये सरकार ना सिर्फ स्थानीय तीर्थ पुरोहितों के हक हकूकों से खिलवाड़ कर रही है, बल्कि छोटे व्यवसाय करने वाले हजारों व्यक्तियों के हितों पर चोट मारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
करनाल में प्रदर्शन करेंगे उत्तराखंड के किसान
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने हरियाणा के किसानों के साथ हुई बर्बरता का विरोध करते हुए करनाल में प्रदर्शन करने का एलान किया है।
रविवार को भाकियू (तोमर) की बैठक प्रदेश कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने कहा कि बीते रोज हरियाणा में किसानों पर प्रदर्शन के दौरान बर्बरता की गई। जिसके विरोध में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में किसान सोमवार को करनाल टोल प्लाजा पर जाकर प्रदर्शन करेंगे। सुबह नौ बजे करनाल जाने के लिए प्रदेश कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर से रवाना होंगे। इसके बाद मंगलवार को दून में घंटाघर पर हरियाणा सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता अरुण शर्मा, मंडल अध्यक्ष लाल सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, ब्लाक सचिव रायपुर सत्यपाल, ब्लाक सचिव सहसपुर रविंद्र कुमार, पीतांबर शर्मा आदि उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।