विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Vikasnagar Rain: पपड़ियान में बादल फटने से तबाही, गांव में घुसा मलबा; प्रभावित परिवारों को किया गया शिफ्ट

By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
Published: Thu, 10 Aug 2023 07:47 AM (IST)

Vikasnagar Rain उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश से आफत आ गई है। लैंडस्लाइड के बाद अब बादल फटने से ...और पढ़ें

पपड़ियान में बादल फटने से तबाही, गांव में घुसा मलबा
पपड़ियान में बादल फटने से तबाही, गांव में घुसा मलबा

विकासनगर, जागरण संवाददाता। पपड़ियान नाले के ऊपर जंगल में बादल फटने और कटापत्थर में अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ। पपड़ियान में गांव में घुसे मलबे से एक मकान की दीवार व बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गांव की सड़क पर हर तरफ मलबा नजर आया। पपड़ियान गांव में प्रभावित एक परिवार को जूनियर हाईस्कूल में शिफ्ट किया गया है। बुधवार देर सायं मलबा हटाकर पपड़ियान मार्ग खुलवाया गया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पपड़ियान व कटापत्थर का मौका मुआयना कर प्रभावित परिवार को चेक दिए।

मंगलवार देर शाम पपड़ियान गांव में नाले के ऊपर जंगल में बादल फट गया। जिससे बिन्हार क्षेत्र के पपड़ियान गांव में मलबा आने से रास्ता बंद हो गया। अचानक मलबा आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

मलबे ने मचाई तबाही

मलबे के कारण पपड़ियान गांव में बाबूलाल पुत्र मदन के घर की चहारदीवारी, सुरक्षा दीवार व बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।पूरे घर में मलबा घुस गया। जिस समय आपदा आई, परिवार जाग रहा था। ग्रामीणों के खेतों में भी मलबा जाने से फसलें बर्बाद हो गई। सूचना पर डाकपत्थर चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह मय टीम व आवश्यक उपकरणों के साथ गांव पहुंचे।

परिवार को कराया गया शिफ्ट

प्रभावित बाबूलाल के परिवार को ग्रामीणों की मदद से जूनियर स्कूल पपड़ियान में शिफ्ट कराया गया। जिस स्थान पर जंगल में बादल फटा, उसके नीचे नाला था, नहीं तो पपड़ियान गांव में भारी नुकसान होता। बादल फटने पर बहकर आया मलबा गांव की सड़क से होता हुआ सीधे नाले में चला गया। बुधवार को विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत पपडियान व कटापत्थर क्षेत्र का निरीक्षण किया। कटापत्थर में भी सुरक्षा दीवारें धराशायी हुई है। इस दौरान तहसील प्रशासन की टीम के साथ ही सिंचाई विभाग, लोनिवि व वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

नुकसान की कर रहे हैं भरपाई

विधायक ने ग्राम पंचायत पपड़ियान के बाबूलाल के घर के पास बादल फटने से हुई हानि से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही राहत राशि के तौर पर एक चेक प्रभावित बाबूलाल को दिया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख सरदार जसविंदर सिंह बिट्टू, तहसीलदार प्रेम सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक आनंद सिंह तोमर, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस गुसाईं, अरुण कुमार, मुकेश बहुगुणा, सुरेंद्र सिंह श्रीकोटी, लोनिवि विभाग से प्रदीप सैनी, प्रवीण कर्णवाल, जेई मिनाक्षी, वन विभाग से रवि राठौड़, देव सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू

ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवपुरी और अटाली के पास अवरुद्ध हुआ मार्ग बुधवार सुबह खोल दिया गया। इस रूट पर फंसे सभी माल वाहक वाहनों को प्राथमिकता के साथ रवाना किया गया। बदरीनाथ हाईवे पर व्यासी के पास अटाली में रुक- रुक कर मलबा आने से यातायात प्रभावित हो रहा था। तिमली शिवपुरी के समीप भी यही स्थिति बनी रही। मंगलवार रात हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से यहां वाहनों को रोक दिया गया था। बुधवार सुबह सात बजे इस हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया है।