विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चेतन और राहुल के शतक से देना बैंक क्वार्टर फाइनल में

By BhanuEdited By:
Published: Thu, 23 May 2019 12:53 PM (IST)

37वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में देना बैंक दिल्ली ने डीएएससीबी दिल्ली को छह विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

चेतन और राहुल के शतक से देना बैंक क्वार्टर फाइनल में
चेतन और राहुल के शतक से देना बैंक क्वार्टर फाइनल में

देहरादून, जेएनएन। 37वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में देना बैंक दिल्ली ने डीएएससीबी दिल्ली को छह विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि डीएएससीबी दिल्ली शुरुआती दो मैचों में मिली जीत की बदौलत क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। देना बैंक दिल्ली की ओर से चेतन बिष्ट ने 120 व राहुल दलाल ने 111 रन की शतकीय पारी खेली। राहुल को शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

देहरादून में चल रहे ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले गए। तनुष क्रिकेट ऐकेडमी में पहला मुकाबला डीएएससीबी दिल्ली और देना बैंक दिल्ली के बीच खेला गया। डीएएससीबी दिल्ली ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 269 रन बनाए। टीम के लिए नमन व मुर्तजा ने 49-49 व आरिश असलम ने 44 रन का योगदान दिया। देना बैंक के लिए विनय मीणा ने चार विकेट चटकाए। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी देना बैंक की टीम को चेतन बिष्ट ने सधी शुरुआत दिलाई और 32.1 ओवर में ही 270 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया। डीएएससीबी दिल्ली के अमर चौधरी ने दो विकेट चटकाए।

उत्तर रेलवे ने यूपीसीए कानपुर को हराया

दूसरा मुकाबला रेंजर्स मैदान में यूपीसीए कानपुर और नार्दन रेलवे हैड क्वार्टर गोरखपुर के बीच खेला गया। इसमें यूपीसीए ने पहले खेलते हुए निर्धारित 45 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 335 रन बनाए। टीम के लिए माधव कौशिक ने 130, संदीप तोमर ने 60, करन शर्मा ने 38 व समीर चौधरी ने 32 रनों की पारी खेली। 

नार्दन रेलवे के लिए निशांत राय ने चार व उपेंद्र यादव ने दो विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी नार्दन रेलवे की टीम को सलामी बल्लेबाज आशीष यादव 82 व अवनीष सिंह 53 ने मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद उपेंद्र यादव की 94 रनों की पारी ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया। 

मध्यक्रम में मंजीत चौधरी की 40 रनों की तेजतरार पारी से टीम ने 43.5 ओवर में ही 339 रन बनाकर चार विकेट से जीत दर्ज की। यूपीसीए के समीर चौधरी ने दो विकेट अपने नाम किए। 

गोल्ड कप के लिए उत्तराखंड की दोनों टीमें चयनित

उत्तराखंड के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ऑल इंडिया गोल्ड कप में प्रतिभाग करने वाली उत्तराखंड की दोनों टीमों का चयन कर लिया गया है। दोनों टीमों के लिए अशोक घिल्डियाल को कोच व धीरज खरे को टीम मैनेजर चुना गया है। टीमों का चयन 13 मई से तनुष क्रिकेट ऐकेडमी में आयोजित हुए चयन ट्रायल के बाद अभ्यास मैच में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

ये हैं टीमें

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड

-विजय शर्मा कप्तान, सन्नी राणा, शिवम खुराना, तनुष गुसाईं, मयंक मिश्रा, धनराज शर्मा, रोहित डंगवाल, अग्रिम तिवारी, भानू प्रताप, विजय जेठी, आशीष जोशी, सौरभ रावत, राहुल देव, कार्तिक जोशी, कुशाग्र मलकानी, सार्थक अग्रवाल।

उत्तराखंड इलेवन

-अमित कुमार कप्तान, फतेह सिंह राणा, विशाल डंगवाल, आदित्य सेठी, शौभित सारीन, किरन पूंज, विकास रावत, हरजीत सिंह, गिरीश रतूड़ी, अंकित बिष्ट, तुषार सकलानी, आयुष देवरानी, राजेश तंगरी, निखिल कोहली, सागर रावत, पीयूष जोशी।

प्रतिष्ठा बचाने खुद मैदान में उतरे पीसी वर्मा

उत्तराखंड के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप की साख को जुआरियों से बचाने के लिए आयोजन सचिव पीसी वर्मा खुद मैदान में उतर गए। इसके अलावा पुलिस ने भी मैदान के कई चक्कर लगाए।

देहरादून के रेंजर्स मैदान में ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप का आयोजन चल रहा है। इसमें देशभर की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से जुआरी मैदान में ताश की बाजी लगाकर क्रिकेट जैसे खेल को शर्मसार कर रहे थे। इस पर आयोजन समिति के सचिव पीसी वर्मा टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा को बचाने के लिए खुद मैदान में उतर गए। यूपीसीए और उत्तर रेलवे के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान पीसी वर्मा रेंजर्स कॉलेज छोर की तरफ पेड़ के नीचे खड़े रहकर जुआरियों पर नजर रखते नजर आए। 

हालांकि, आयोजकों की शिकायत पर पुलिस ने भी मैदान पर कई बार गश्त लगाई। लेकिन, पुलिस व आयोजकों की सतर्कता को देख जुआरियों ने मैदान में कदम रखने की हिम्मत नहीं जुटाई। आयोजन समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा पर दाग नहीं लगने दिया जाएगा। अगर इस तरह के शरारती तत्व मैदान पर नजर आएंगे तो उन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।

अभिमन्यु ऐकेडमी चार विकेट से जीती

द्वितीय ऑल इंडिया टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी ने लिटिल स्टार ऐकेडमी को चार विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। 

प्रेमनगर स्थित राम राज क्रिकेट ऐकेडमी में चल रहे टूर्नामेंट में अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी और लिटिल स्टार क्रिकेट ऐकेडमी के बीच मुकाबला खेला गया।

इसमें लिटिल स्टार ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 162 रन बनाए। टीम के लिए विक्की गैरोला ने 36 व आकाश ने 32 रन बनाए। अभिमन्यु के लिए डेनियल खान ने तीन व रोहन ने दो विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी अभिमन्यु ऐकेडमी की टीम ने 19.1 ओवर में छह विकेट खोकर मुकाबले को जीत लिया। डेनियल खान ने 53 रन की पारी खेली। लिटिल स्टार के लिए अभय ने चार विकेट झटके।

यह भी पढ़ें: टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी में राइजिंग स्टार ने विकासनगर वारियर्स को हराया

यह भी पढ़ें: विनय व शिवांक के पंजे में फंसी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन

यह भी पढ़ें: आरआर पाल ने वैली ऐकेडमी को चार विकेट से हराया

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।