प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0: उत्तराखंड के युवाओं को मुफ्त में मिलेगी ट्रेनिंग, 650 से ज्यादा सीटें
देहरादून में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत युवाओं के लिए 650 से अधिक निःशुल्क प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। रोजगार की तलाश में हैं, लेकिन हुनर व अवसर के बीच की दूरी आड़े आ रही है। राजधानी में युवाओं के लिए यह दूरी कम करने की पहल शुरू हुई है।
उत्तराखंड कौशल विकास मिशन ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत 650 से अधिक निश्शुल्क प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध कराई हैं। खास बात यह है कि प्रशिक्षण केवल प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को रोजगार और प्लेसमेंट के अवसरों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
15 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियां तीन से चार माह के इन पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण ले सकते हैं। हास्पिटैलिटी, सौर ऊर्जा, तकनीकी क्षेत्र और सप्लाई चेन जैसे रोजगारोन्मुख क्षेत्रों को इसमें शामिल किया गया है। प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों के लिए निश्शुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट (आइएचएम) में हास्पिटैलिटी क्षेत्र के लिए सबसे अधिक सीटें रखी गई हैं। हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 और फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। होटल, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में काम करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए ये पाठ्यक्रम रोजगार की तैयारी का अवसर बन सकते हैं।
सौर ऊर्जा से स्टील उद्योग तक प्रशिक्षण
सहसपुर स्थित सेंटर आफ एक्सीलेंस में 12वीं पास और आइटीआइ योग्यताधारी युवक-युवतियों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) और असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40-40 सीटों के बैच संचालित किए जाएंगे।
वहीं, दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 छात्र-छात्राओं को सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण मिलेगा। इन पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को संबंधित उद्योगों की जरूरत के अनुरूप व्यावहारिक कौशल सिखाया जाएगा, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
प्रशिक्षण के साथ रोजगार पर जोर
उत्तराखंड कौशल विकास मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें प्लेसमेंट में सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। युवतियों के लिए निश्शुल्क आवास की व्यवस्था की गई है।
पंजीकरण के लिए यहां करें संपर्क
- हास्पिटैलिटी पाठ्यक्रम: 9410394201
- सप्लाई चेन पाठ्यक्रम: 7618222334
- तकनीकी पाठ्यक्रम: 9870835117
यह भी पढ़ें- मोबाइल फोन रिपेयरिंग को बनाएं स्वरोजगार का आधार, भदोही में मिलेगा निश्शुल्क प्रशिक्षण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।