SIR से देहरादून में 2.97 लाख मतदाता घटे, विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गणित में बड़ा बदलाव
देहरादून जिले में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं की संख्या में 2.97 लाख की बड़ी कमी दर्ज की गई ...और पढ़ें
-1791047329137_m.webp)
HighLights
देहरादून में 2.97 लाख मतदाताओं की संख्या में कमी।
धर्मपुर, कैंट, ऋषिकेश में सर्वाधिक मतदाता घटे, सियासत पर असर।
पुरुष मतदाताओं की संख्या में अधिक गिरावट, महिला हिस्सेदारी बढ़ी।
अंकुर अग्रवाल, जागरण देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले देहरादून की दस सीटों पर मतदाता गणित में बड़ा बदलाव सामने आया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले 2027 में संभावित चुनाव के लिए उपलब्ध प्रारूप मतदाता सूची में जिले के मतदाताओं की संख्या 2,96,970 कम हो गई है।
धर्मपुर में सबसे बड़ा अंतर दर्ज हुआ है, जहां करीब 60 हजार मतदाता घटे हैं। देहरादून कैंट, ऋषिकेश और रायपुर में भी 40 हजार से अधिक का अंतर है। 2022 में भाजपा ने जिले की दस में से नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि चकराता सीट कांग्रेस के पास रही।
बदले हुए मतदाता आधार ने राजनीतिक दलों के सामने बूथवार समीकरणों की समीक्षा की चुनौती खड़ी कर दी है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले की दस सीटों पर कुल 14,87,775 मतदाता थे, जबकि अब उपलब्ध प्रारूप सूची में यह संख्या 11,90,805 है। इस तरह करीब 20 प्रतिशत का अंतर है।
धर्मपुर में सबसे बड़ा अंतर
धर्मपुर में 2022 के 2,06,737 मतदाताओं के मुकाबले प्रारूप सूची में 1,46,861 मतदाता दर्ज हैं। यहां 59,876 का अंतर है। देहरादून कैंट में 45,148, ऋषिकेश में 41,343, रायपुर में 40,452 और राजपुर रोड सीट में 39,242 मतदाताओं का अंतर सामने आया है। मसूरी में 31,713, डोईवाला में 18,727 और सहसपुर में 10,588 का अंतर है। इसके उलट विकासनगर में 7,392 और चकराता में 2,489 मतदाताओं का अंतर सबसे कम है।
पुरुष मतदाताओं में कमी, महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी
मतदाता सूची में बदलाव का असर पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में दिख रहा है। 2022 में जिले की दस सीटों पर 7,79,139 पुरुष और 7,08,557 महिला मतदाता थे। अब उपलब्ध आंकड़ों में पुरुष मतदाताओं की संख्या 6,15,349 और महिलाओं की 5,75,404 है।
यानी पुरुष मतदाताओं में 1,63,790 और महिलाओं में 1,33,153 का अंतर है। पुरुषों की संख्या में अपेक्षाकृत अधिक कमी के चलते कुल मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 47.6 प्रतिशत से बढ़कर 48.3 प्रतिशत हो गई है।
धर्मपुर में पुरुष मतदाताओं की संख्या 35,370 और महिलाओं की 24,506 कम हुई है। कैंट में पुरुषों का अंतर 25,137 और महिलाओं का 20,009 है। रायपुर में पुरुष मतदाता 23,063 और महिला मतदाता 17,383 कम दर्ज हैं।
नौ सीटों पर भाजपा की जीत, चकराता में कांग्रेस
2022 में भाजपा ने चकराता को छोड़कर जिले की शेष नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब मतदाता संख्या में सबसे बड़ा अंतर धर्मपुर में और सबसे कम चकराता में दर्ज हुआ है। यह बदलाव भाजपा-कांग्रेस व अन्य दलों के लिए बूथ स्तर पर मतदाता सूची का मिलान, पात्र नए मतदाताओं के पंजीकरण व नामों की शुद्धता सुनिश्चित करने का विषय है।
तृतीय लिंग के मतदाताओं में भी कमी
10 विधानसभा क्षेत्रों में तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 2022 के 79 से घटकर अब 52 रह गई है। यानी 27 मतदाताओं का अंतर आया है। मसूरी में इनकी संख्या 17 से घटकर सात, सहसपुर में 13 से आठ और रायपुर में 11 से पांच रह गई है। राजपुर रोड में 12 मतदाता दोनों सूचियों में दर्ज हैं।
विधानसभा क्षेत्र | 2022 के मतदाता | वर्तमान स्थिति | अंतर |
| चकराता | 1,05,064 | 1,02,575 | 2,489 |
| विकासनगर | 1,07,308 | 99,916 | 7,392 |
| सहसपुर | 1,71,762 | 1,61,174 | 10,588 |
| धर्मपुर | 2,06,737 | 1,46,861 | 59,876 |
| रायपुर | 1,77,176 | 1,36,724 | 40,452 |
| राजपुर रोड | 1,19,301 | 80,059 | 39,242 |
| देहरादून कैंट | 1,34,911 | 89,763 | 45,148 |
| मसूरी | 1,31,816 | 1,00,103 | 31,713 |
| डोईवाला | 1,65,776 | 1,47,049 | 18,727 |
| ऋषिकेश | 1,67,924 | 1,26,581 | 41,343 |
| कुल | 14,87,775 | 11,90,805 | 2,96,970 |
यह भी पढ़ें- देहरादून: प्रेमनगर में श्रमिक की गला रेतकर हत्या, प्रेम प्रसंग का एंगल खंगाल रही पुलिस
यह भी पढ़ें- देहरादून के सहस्त्रधारा में खाई में गिरी कार, एसडीआरएफ ने तीन घायलों को बचाया
