विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा स्कूटी डिवाइडर से टकराई, दो युवकों की मौत

By Soban GusainEdited By: Rahul Chauhan
Published: Sat, 28 Nov 2026 09:20 PM (IST)

देहरादून के व्यस्त राजपुर रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. देहरादून के राजपुर रोड पर देर रात हादसा हुआ।

  2. स्कूटी डिवाइडर से टकराने से दो युवकों की मौत।

  3. मृतकों की पहचान शुभम सेमवाल और अंकुर रावत हुई।

जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर के व्यस्त राजपुर रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें एंबुलेंस की मदद से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही डालनवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार 27 नवंबर देर रात सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि कालसंग रेस्टोरेंट के सामने राजपुर रोड पर स्कूटी सवार दो युवक घायल अवस्था में पड़े हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायलों के परिचित उन्हें एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल ले जा चुके हैं।

अस्पताल में डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय शुभम सेमवाल निवासी एकता विहार, माता मंदिर रोड और 35 वर्षीय अंकुर रावत निवासी अजबपुर कलां, नेहरू कालोनी के रूप में हुई है।

पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को राजपुर रोड स्थित डैफोडिल्स होटल में खड़ा कराया है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है।

हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और स्कूटी अनियंत्रित होने की वजह क्या रही, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- देहरादून में देह व्यापार का जाल: सड़क पर 2000, मोबाइल पर 30000 की डिमांड

यह भी पढ़ें- सावधान! देहरादून में आज रात बजेगा अलर्ट का सायरन, होगी नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।