विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून तिहरे हत्याकांड के आरोपी राजकुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड उजागर

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:46 PM (GMT+05:30)

देहरादून के विष्णुलोक कॉलोनी में तिहरे हत्याकांड के आरोपी राजकुमार का आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आरोपी राजकुमार के खिलाफ पांच पुराने मुकदमे दर्ज।

  2. लूट, चोरी, स्नेचिंग के मामले विभिन्न थानों में।

  3. पुलिस पुराने नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, देहरादून। रायपुर के विष्णुलोक कालोनी में 300 रुपये के विवाद में बुजुर्ग दंपती और घरेलू सहायिका की बेरहमी से हत्या के आरोपित राजकुमार की आपराधिक कुंडली सामने आई है। जांच में पता चला है कि राजकुमार के खिलाफ देहरादून के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी व स्नेचिंग समेत पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

दो साल पहले भी वह चोरी के प्रयास में वसंत विहार पुलिस के हत्थे चढ़ा था और उससे धारदार हथियार बरामद हुआ था। अब तिहरे हत्याकांड की विवेचना में पुलिस उसके पुराने आपराधिक इतिहास के साथ उसके आपराधिक नेटवर्क को भी खंगाल रही है।

मंगलवार को विष्णुलोक कालोनी में आरोपित राजकुमार ने बुजुर्ग दंपती रमेश कपूर और रजनी कपूर की पेंचकस से हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के घर प्लंबर का काम करने वाले राजकुमार का 300 रुपये को लेकर विवाद हुआ था।

घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोस से घरेलू सहायिका शीला मौके पर पहुंची तो आरोपित ने उसकी भी बेरहमी से हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही राजकुमार को पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि राजकुमार पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर काम कर रहा था और घटना से पहले लगातार 10 दिन से उनके घर आ रहा था। वह प्लंबिंग के साथ ही दंपती के घर में पुताई का भी काम देख रहा था।

तीन थानों में दर्ज थे पांच मुकदमे

पुलिस की जांच में राजकुमार का पुराना आपराधिक रिकार्ड सामने आने के बाद उसकी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है। वर्ष 2023 में कोतवाली नगर में उसके खिलाफ लूट के दो और चोरी का एक मुकदमा दर्ज हुआ था।

वर्ष 2024 में बसंत विहार थाने में भी मुकदमा दर्ज हुआ। इसी मामले में 15 मार्च 2024 को बसंत विहार पुलिस ने उसे बसंत विहार स्थित काली मंदिर के पास से खुखरी के साथ गिरफ्तार किया था।

इसके अलावा वर्ष 2024 में ही क्लेमेनटाउन थाने में उसके खिलाफ स्नेचिंग का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस तरह अलग-अलग थानों में दर्ज पांच पुराने मुकदमे अब तिहरे हत्याकांड की विवेचना का भी हिस्सा हैं।

पुराने नेटवर्क और पुलिस कार्रवाई की भी पड़ताल

तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस केवल हत्या की घटना तक जांच सीमित नहीं रख रही है। पुराने मुकदमों में राजकुमार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई किस स्तर तक पहुंची, वह कब-कब जेल गया और उसके बाद उसकी गतिविधियां कैसी रहीं, इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।

इसके साथ ही पुलिस उसके संपर्क में रहे लोगों और पुराने आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच का अहम पहलू यह भी है कि पहले से पांच मुकदमे दर्ज होने के बावजूद वह किस तरह सक्रिय रहा और हालिया वारदात से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं।

आज फिर दर्ज होंगे पड़ोसियों के बयान

पुलिस तिहरे हत्याकांड में चश्मदीदों और मृतकों के स्वजन समेत कई लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। घटना के समय स्थानीय लोगों ने आरोपित को मौके पर पकड़ लिया था। पुलिस अब पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज करेगी। शुक्रवार को भी बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

हत्याकांड में हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपित के खिलाफ देहरादून के अलग-अलग थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इन मुकदमों को भी वर्तमान विवेचना में शामिल किया जा रहा है। तिहरे हत्याकांड में पुलिस शीघ्र विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करेगी। साथ ही अपील की जाएगी कि मामले फास्टट्रैक पर चले।

प्रमेन्द्र डोबाल, एसएसपी

यह भी पढ़ें- साले के अपहरण के आरोप में यूट्यूबर अनुराग डोभाल और तीन साथी देहरादून में गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- देहरादून ट्रिपल मर्डर: पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपे गए शव, अब बयानों से जुड़ेगी वारदात की कड़ी