देहरादून के बेकाबू जाम से 40 प्रतिशत बढ़ी ईंधन की बर्बादी, दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे से बढ़ा चैलेंज
देहरादून में बेकाबू ट्रैफिक जाम के कारण ईंधन की बर्बादी 40% तक बढ़ गई है, जिससे प्रतिदिन 60,000 लीटर तक पेट्रोल बर्बाद हो रहा है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सुमन सेमवाल, देहरादून। राजधानी दून में ट्रैफिक जाम की समस्या अब बेकाबू स्थिति में पहुंच गई है। हालात यह हैं कि वाहनों का दबाव सड़कों और प्रमुख जंक्शन की डिजाइन क्षमता से छह गुना तक को पार कर गया है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के चालू हो जाने के बाद हालात और चुनौतीपूर्ण होने लगे हैं। जाम की समस्या न सिर्फ बहुमूल्य समय को बर्बाद कर रही है, बल्कि वैश्विक हालात के बीच उपजे ईंधन के संकट ने चिंता को और बढ़ा दिया है। क्योंकि, दून के बेकाबू जाम से ईंधन की बर्बादी 40 प्रतिशत बढ़ गई है।
दून में बेकाबू जाम
ट्रांसपोर्ट विशेषज्ञों के अनुसार एक सामान्य कार आइडल (इंजन के चालू होने की स्थिति) स्थिति में 0.6 से 01 लीटर प्रति घंटा ईंधन जला सकती है। एसयूवी और अन्य भारी वाहनों में यह खपत इसी अनुपात में बढ़ती चली जाती है। यहां तक कि दोपहिया वाहन भी 0.15 से 0.3 लीटर प्रति घंटा ईंधन खर्च कर देते हैं।
यदि कोई वाहन रोजाना करीब 30 मिनट जाम में फंसा रहता है तो इंजन चालू रहने की स्थिति में 0.8 लीटर ईंधन प्रति घंटे के औसत से खर्च हो जाता है।
इसी खपत को 30 मिनट के जाम के हिसाब से आंका जाए तो औसतन 0.4 लीटर ईंधन अतिरिक्त खर्च हो जाता है। वाहनों के चलने की स्थिति और जाम के उतार-चढ़ाव के हिसाब से इसे 40 प्रतिशत तक अतिरिक्त खपत माना जा सकता है।
10 मिनट के जाम में ही बर्बाद हो जाता है 60 हजार लीटर तक ईंधन
यदि देहरादून में ईंधन की बर्बादी का आकलन सरल गणना के हिसाब से महज 10 मिनट के जाम से भी किया जाए तो ईंधन की बेतहाशा बर्बादी का आसानी से पता लगाया जा सकता है।
मान लिया जाए कि शहर में रोज करीब पांच लाख वाहन आवाजाही करते हैं और सभी औसतन 10 मिनट भी जाम में फंसे रहते हैं तो कुल जाम के घंटे 83 हजार्ड 333 हो जाते हैं।
इसी तरह वाहनों में ईंधन की औसत खपत 0.7 लीटर भी मान ली जाए तो रोज 58 हजार्ड से 60 हजार लीटर तक ईंधन सिर्फ जाम में बर्बाद हो जाता है।
इस तरह जाम से हांफ रहे दून के जंक्शन (पीसीयू प्रति घंटे में)
- जंक्शन/सड़क, पीसीयू डिजाइन, पीसीयू दबाव
- घंटाघर, 3600, 14282
- प्रिंस चौक, 2900, 17090
- लालपुल, 2900, 16664
- आराघर चौक, 2900, 12272
- रिस्पना पुल, 2900, 16453
- सर्वे चौक, 1200, 6845
- आइएसबीटी, 3600, 9916
- शिमला बाइपास, 1200, 5739
- बल्लीवाला, 1200, 9603
- सहारनपुर चौक, 2900, 7208
- बल्लूपुर चौक, 2900, 6211
- प्रेमनगर, 2400, 7496
- रायपुर चौक, 2400, 2917
- मसूरी डायवर्जन, 2900, 6305
- हरिद्वार बाइपास, 1500, 9639
- आइटी पार्क क्षेत्र, 2400, 2839
- पांवटा साहिब रोड, 2400, 4845
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ट्रैफिक, लॉ एंड ऑर्डर और इंटेलिजेंस डिवीजन में बड़े बदलाव; 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
