विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून के 1.55 लाख घरों में से सिर्फ 73767 सीवेज कनेक्शन से जुड़े, सात नाले अब भी नदियों में उगल रहे गंदगी

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:22 AM (IST)

देहरादून की रिस्पना और बिंदाल नदियां सीवेज और कचरे के कारण प्रदूषित हैं, क्योंकि 1.55 लाख घरों में से आधे से भी कम को सीवेज नेटवर्क से जोड़ा गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर की नदियों को प्रदूषणमुक्त करने के दावों के बीच रिस्पना व बिंदाल में गंदगी का प्रवाह थम नहीं पाया है।

दून के सात नाले अब भी सीधे नदियों में गिर रहे हैं, जबकि सीवेज कनेक्शन के लक्ष्य का आधा भी पूरा नहीं हुआ। जिले में 166.45 एमएलडी क्षमता के 15 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) संचालित होने के बावजूद नदी प्रदूषण की यह तस्वीर सीवेज प्रबंधन की जमीनी स्थिति उजागर कर रही है।

गुरुवार को जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में हुई जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, शहर में 1,55,601 घरों को सीवेज नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।

अब तक केवल 73,767 घरों को कनेक्शन मिला है। यानी करीब 81,834 घर अभी भी लक्ष्य से बाहर हैं। नतीजतन, घरों और बस्तियों से निकलने वाले गंदे पानी को पूरी तरह सीवेज नेटवर्क तक पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है।

बैठक में अस्पतालों, मेडिकल लैब और क्लीनिकों से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण की जांच के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार तथा जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

15 एसटीपी के बाद भी सात नालों की टैपिंग बाकी

जिले में 15 एसटीपी संचालित हैं व सात नए एसटीपी प्रस्तावित हैं। निर्माणाधीन संयंत्रों का काम पूरा नहीं होने और नए एसटीपी शुरू न होने से सीवेज उपचार की व्यवस्था अधूरी है। सीधे नदियों में गिर रहे सात नालों की टैपिंग भी लंबित है।

जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने निर्माणाधीन एसटीपी के काम में तेजी और प्रस्तावित संयंत्रों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा है। नए एसटीपी का काम चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू कराने की तैयारी है। रिस्पना-बिंदाल किनारे कूड़ा फेंकने वाले संवेदनशील स्थलों पर जाली और स्क्रीन लगाने के साथ कूड़ा डालने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही गई।

सीवेज के साथ कूड़ा और मेडिकल वेस्ट भी चुनौती

नदी प्रदूषण का खतरा केवल सीवेज तक सीमित नहीं है। सेप्टिक टैंकरों से निकलने वाले मल-मूत्र का निर्धारित एसटीपी में उपचार किए बिना निस्तारण, अनधिकृत डंपिंग और गीले-सूखे कचरे का मिश्रित निस्तारण भी पर्यावरण के लिए चुनौती है।

बैठक में सेप्टिक टैंकरों की निगरानी, ट्रैक्टर-ट्रालियों के पंजीकरण और शहरी निकायों के डंपिंग यार्ड की नियमित जांच पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की दुर्गंध से मिलेगी राहत, 24 STP पर लगेंगे एक्टिवेटेड कार्बन सिस्टम; 38.6 करोड़ होंगे खर्च

यह भी पढ़ें- दिल्ली के ऐतिहासिक अक्षरा थिएटर पर मंडराया खतरा, सीवेज के पानी से घिरी पूरी बिल्डिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।