विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के ऐतिहासिक अक्षरा थिएटर पर मंडराया खतरा, सीवेज के पानी से घिरी पूरी बिल्डिंग

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:05 AM (GMT+05:30)

दिल्ली का ऐतिहासिक अक्षरा थिएटर दीवाली के बाद से सीवेज के पानी से घिरा है, जिससे थिएटर की गतिविधियां और बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।

बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित अक्षर थिएटर परिसर में जमा सीवर का पानी। जागरण

बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित अक्षर थिएटर परिसर में जमा सीवर का पानी। जागरण

HighLights

  1. दीवाली से अक्षरा थिएटर परिसर में सीवेज का पानी जमा।

  2. आरएमएल अस्पताल से आ रहा गंदा पानी, नींव को खतरा।

  3. एनडीएमसी की नई सीवर लाइन का काम ग्रैप प्रतिबंधों से रुका।

शशि ठाकुर, नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक सांस्कृतिक केंद्र अक्षरा थिएटर का अस्तित्व इन दिनों सीवेज के गंदे पानी के बीच घिरा हुआ है।

स्थिति यह है कि दीवाली के अगले दिन से परिसर में चौबीसों घंटे गंदा पानी जमा है। बदबू, मच्छरों और गंदगी के बीच थिएटर की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। वहीं, लगातार जलभराव से ऐतिहासिक इमारत की नींव को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

अक्षरा थिएटर की निदेशक अनुसुइया वैद्य ने बताया कि यह समस्या पिछले 3-4 वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इस बार हालात ज्यादा खराब हो गए हैं।

82331927

बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित अक्षर थिएटर परिसर में जमा सीवर का पानी। जागरण

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सीवर का पानी इमारत के ठीक बगल स्थित राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल की ओर से आया है। अस्पताल में निर्माण कार्य के दौरान जमीन का स्तर ऊंचा कर दिया गया है, जबकि थिएटर का परिसर नीचे है।

वहीं, ऐसे में अस्पताल से पंप के जरिये निकाला जाने वाला सीवेज थिएटर के गेट के पास बने मेंनहोल से परिसर में पहुंच जाता है।

अस्पताल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) भी है, लेकिन इसके बंद होने से समस्या और बढ़ गई है। ब्रिटिश काल की आठ इंच की पुरानी सीवर लाइनें पानी का दबाव नहीं झेल पा रही हैं।

परिसर में प्रवेश करने के लिए अस्थायी रैंप का सहारा

थिएटर में पांच से छह वर्ष के बच्चे भी अभिनय और कला सीखने आते हैं। ऐसे में गंदे पानी के बीच उनका आना-जाना स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। दर्शकों को भी परिसर में प्रवेश करने के लिए अस्थायी रैंप का सहारा लेना पड़ रहा है।

चिंता की बात यह है कि थिएटर के गेट के बाहर ही स्ट्रीट वेंडर खाना बनाते और बेचते हैं। साथ ही ट्रकों से भोजन का वितरण भी होता है। सीवेज के बीच खाद्य पदार्थों का वितरण संक्रमण का खतरा बढ़ा रहा है।

शिकायतों के बाद भी नहीं निकला समाधान

थियेटर की निदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, आरएमएल अस्पताल प्रशासन, एनडीएमसी और सीपीडब्ल्यूडी तक शिकायत की जा चुकी है।

एनडीएमसी का सीवर लाइन बदलने का मामला अटका

एनडीएमसी ने पुरानी सीवर लाइन बदलकर चार फीट की नई लाइन डालने का प्रस्ताव पास कर टेंडर भी स्वीकृत कर दिया है, लेकिन वर्षा और अब ग्रैप प्रतिबंधों का हवाला देकर काम शुरू नहीं किया जा रहा।

उनका कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकला तो सीवेज का पानी मुख्य इमारत तक पहुंच सकता है और ऐतिहासिक थिएटर को अपूरणीय नुकसान हो सकता है।

वहीं, संबंधित मामले को लेकर एनडीएमसी के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।