विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहब जिंदा हैं, पर सरकारी रिकॉर्ड में हो गई मौत! बंद कर दिया गोल्डन कार्ड

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:46 AM (IST)

देहरादून में सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता उमेश कुमार सक्सेना को सरकारी पोर्टल पर मृत घोषित कर गोल्डन कार्ड निष्क्रिय कर दिया गया।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विजय जोशी, देहरादून। सरकारी व्यवस्था की लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सिंचाई विभाग के एक सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता को सरकारी पोर्टल पर मृत घोषित कर उनका गोल्डन कार्ड निष्क्रिय कर दिया गया।

नतीजा यह हुआ कि जब वह इलाज करवाने अस्पताल पहुंचे तो गोल्डन कार्ड से उपचार की सुविधा देने से इन्कार कर दिया गया। अब 72 वर्षीय बुजुर्ग को अपना जीवित होना साबित करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

सिंचाई विभाग से मुख्य अभियंता पद से सेवानिवृत्त उमेश कुमार सक्सेना लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। गोल्डन कार्ड के तहत नियमित रूप से अंशदान भी जमा कर रहे हैं। उनके अनुसार, पेंशन से प्रतिमाह एक हजार रुपये गोल्डन कार्ड का अंशदान काटा जा रहा है।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे

अप्रैल 2026 में उन्होंने दून अस्पताल में इसी कार्ड के माध्यम से उपचार भी कराया था। बीती छह नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर वह दोबारा दून अस्पताल पहुंचे। वहां जनरल वार्ड आवंटित होने के बाद उन्होंने अपनी इच्छा से दूसरे अस्पताल में उपचार करवाने का निर्णय लिया। इसके लिए अस्पताल प्रशासन को लिखित सहमति भी दी। इसके बाद वह निजी अस्पताल आरजे हास्पिटल पहुंचे।

यहां गोल्डन कार्ड प्रस्तुत करने पर उन्हें पता चला कि सरकारी पोर्टल पर उनका कार्ड निष्क्रिय है और इसकी वजह मृत्यु दर्ज होना है। मजबूरी में उन्हें अपने खर्च पर उपचार कराना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि गोल्डन कार्ड का अंशदान लगातार कटने के बावजूद पोर्टल पर उन्हें मृत दर्शाया जा रहा है। सक्सेना ने 11 नवंबर को सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता (बजट अनुभाग) को पत्र लिखकर इस तकनीकी गड़बड़ी को दूर करवाने की मांग की है।

पत्र के साथ अक्टूबर की पेंशन स्लिप और पोर्टल पर प्रदर्शित 'डिसीज्ड/डेथ' स्टेटस का स्क्रीनशाट भी संलग्न किया। इससे पहले वह स्वास्थ्य प्राधिकरण पहुंचे, जहां उन्हें कभी कामन सर्विस सेंटर तो कभी कोरोनेशन अस्पताल और दून अस्पताल जाने की सलाह दी गई। हर जगह से दूसरे कार्यालय भेजे जाने के कारण उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। अब उन्हें सोमवार को दून अस्पताल बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड सरकार ने दिया 485 करोड़ का सुरक्षा कवच, आयुष्मान और गोल्डन कार्ड धारकों को होगा फायदा

यह भी पढ़ें- गोल्डन कार्ड पैकेज में बदलाव, उत्तराखंड के कर्मचारियों और पेंशनरों की राय से तय होंगी नई दरें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।