विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वालों की मौत के आंकड़े बढ़े, पिलियन राइडर्स के लिए हेलमेट अनिवार्य

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:09 PM (GMT+05:30)

देहरादून में अब दुपहिया वाहन पर पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। यातायात पुलिस जागरूकता के बाद नियम तोड़ने वालों पर 1000 रुपये का चालान करेगी, क्योंकि सड़क हादसों में पिलियन राइडर्स की मौतें बढ़ी हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। सड़क हादसों में दुपहिया वाहन चलाने वालों की जान तो जा ही रही है, लेकिन उनके (पिलियन राइडर्स) पीछे बैठकर सफर करने वाले भी हादसों का शिकार बन रहे हैं। कई मामलों में चालक हेलमेट पहने होने के बावजूद पीछे बैठे व्यक्ति के सिर पर हेलमेट नहीं होने के कारण उसकी जान चली जाती है।

ऐसे में अब दुपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य करने के नियम को लेकर यातायात पुलिस सख्ती की तैयारी में है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

आंकड़ों पर नजर डालें तो दुपहिया वाहनों से होने वाले हादसों के आंकड़े इस लापरवाही की गंभीरता को बयां कर रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में दुपहिया वाहन दुर्घटनाओं में 91 चालकों की मौत हुई, जबकि 75 चालक घायल हुए।

इसी अवधि में पीछे बैठी 68 सवारियों की जान चली गई और 148 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में भी स्थिति चिंताजनक रही। इस दौरान 45 दुपहिया वाहन चालकों की मौत हुई और 32 घायल हुए। वहीं पीछे बैठी 23 सवारियों की मौत हुई, जबकि 38 लोग घायल हुए।

इसी तरह वर्ष 2026 के उपलब्ध आंकड़ों में अब तक 10 चालकों की मौत और 28 के घायल होने की जानकारी है। वहीं पीछे बैठी पांच सवारियों की मौत हुई और 29 लोग घायल हुए हैं।

ये आंकड़े बताते हैं कि सड़क हादसों में पीछे बैठी सवारियां भी गंभीर खतरे का सामना कर रही हैं। ऐसे में केवल चालक का हेलमेट पहनना पर्याप्त नहीं है। पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।

नियम तोड़ने पर एक हजार रुपये जुर्माना

नियमानुसार वाहन चालक के साथ-साथ पिलियन राइडर्स के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है। यातायात पुलिस का जोर अब लोगों को इस नियम के प्रति जागरूक करने के साथ ही इसका सख्ती से पालन कराने पर है।

खासकर उन लोगों को जागरूक किया जाएगा, जो परिवार के सदस्यों या बच्चों को दुपहिया वाहन पर बैठाकर बिना हेलमेट सफर करते हैं। पुलिस की अपील है कि दुपहिया वाहन पर निकलते समय चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों हेलमेट पहनें। हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने वाला सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है।

प्रमेंद्र डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून

यह भी पढ़ें- पति के लिए पूछने पर गर्भवती महिला संग देहरादून में बर्बरता, आंखों में मिर्च स्प्रे डाला... स्पा सेंटर के अंदर खींचने लगे

यह भी पढ़ें- देहरादून में मानव-वन्यजीव संघर्ष में 2017 से अब तक 35 मौत, दून में वन्यजीवों के हमलों का बनेगा ‘डेथ मैप’

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।