नवरात्र के लिए देहरादून में नया यातायात प्लान: पलटन बाजार बना जीरो जोन, जाम से बचने के लिए इन निर्देशों का करें पालन
पुलिस ने देहरादून में नवरात्र के लिए 11 से 19 अक्टूबर तक नया यातायात प्लान जारी किया है, जिसमें पलटन ...और पढ़ें

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। नवरात्र के लिए बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी यातायात प्लान जारी करते हुए पार्किंग निर्धारित कर दी है। ये प्लान 11 अक्टूबर से लेकर 19 अक्टूबर तक लागू रहेगा।
राजधानी के सबसे बड़े पलटन बाजार समेत अन्य बाजारों के पास पुलिस ने जीरो जोन घोषित किया है। इन बाजारों में केवल पैदल यात्री ही प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा बेसमेन्ट पार्किंग को खोलने के लिए पुलिस ने सभी शापिंग काम्पलेक्स और प्रतिष्ठानों के स्वामियों को नोटिस दिए है।
सहस्त्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड, डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहनों की पार्किंग काबुल हाऊस, मंगला देवी इंटर कालेज, मल्टीस्टोरेज पार्किंग, कनक चौक और एमडीडीए काम्पलैक्स, घंटाघर पर कराई जाएगी।
चकराता रोड, जीएमएस रोड, गढी कैंट क्षेत्र से आने वाले वाहनों को बिंदाल स्थित जनपथ काम्पलैक्स, रेंजर्स ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला, नेहरु कालोनी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को रेंजर्स ग्राउंड, तहसील चौक के सामने खाली मैदान और राजीव गांधी काम्पलैक्स में पार्क कराया जाएगा।
सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर, पथरीबाग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय, नगर निगम कार्यालय में पार्क कराया जाएगा। इसके अलावा पलटन बाजार जाने वाले दो पहिया वाहनों को गांधी इंटर कालेज, सीएनआई स्कूल में पार्क कराया जाएगा।
शहर के अन्य बाजारों के लिए पार्किंग
-धर्मपुर बाजार जाने वाले वाहनों को रेसकोर्स क्षेत्र की पार्किंग में पार्क कर सकेंगे।
-नेहरु कालोनी क्षेत्र में जाने वाले लोग अपना वाहन जीएसटी आफिस के दायें व बायें लिंक रोड पर पार्क कर सकेंगे।
-प्रेमनगर बाजार में जाने वाले लोग अपना वाहन दशहरा ग्राउंड की पार्किंग में पार्क कर सकेंगे।
-रायपुर शिव मंदिर बाजार में आने वाले लोग अपना वाहन मालदेवता रोड़ की पार्किंग में पार्क करेंगे।
------
पलटन बाजार: लोडिंग वाहनों की नो एंट्री, टोकन से जाएंगे व्यापारियों के वाहन
पलटन बाजार में सुबह 10 बजे के बाद रात 11 बजे तक लोडिंग वाहनों की नो एंट्री रहेगी। ये वाहन दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक, डिस्पेंसरी रोड से पलटन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा पलटन बाजार क्षेत्र में जिन व्यापारियों की दुकान है, उनके वाहनों को टोकन के माध्यम से बाजार में प्रवेश कराया जाएगा। अन्य वाहनों का बाजार में प्रवेश प्रतिबंध रहेगा।
विक्रम, मैजिक वाहन के लिए प्लान
-राजपुर रोड से ओरिएंट चौक तक आने वाले विक्रम वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर न भेजते हुए ड्राप, पिकअप प्वाइंट ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहे से सुभाष रोड, बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर की ओर भेजा जाएगा।
-रायपुर रोड से दर्शनलाल चौक तक आने वाले विक्रम वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर न भेजते हुए ड्राप एंड पिकअप प्वाइंट सर्वे चौक से वापस रायपुर की ओर भेजा जाएगा।
-रिस्पना की ओर से आने वाले विक्रम आईजी कट, ड्राप एंड पिकअप प्वाइंट दून चौक, एमकेपी चौक से वापस रिस्पना की ओर भेजे जाएंगे।
-पांच और आठ नंबर के विक्रम तहसील चौक तक आ सकेंगे।
-राजपुर रोड जाने वाली सिटी बस का परेड ग्राउंड के स्थान पर नया ड्राप एंड पिकअप प्वाइंट आरियंट चौक रहेगा।
-डोईवाला, सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बस का परेड ग्राउंड के स्थान पर नया ड्राप एंड पिकअप प्वाइंट रेंजर्स ग्राउंड रहेगा।
नो पार्किंग से वाहनों को उठाएंगी छह क्रेन
सार्वजनिक मार्ग, नो-पार्किंग वाले स्थानों पर खडे वाहनों के लिए विभिन्न स्थानों पर छह टोइंग क्रेन तैनात की गई है। इसके अलावा 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों के माध्यम से पुलिस यातायात व्यवस्था पर नजर रखेगी।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था के लिए वायरलेस सेट के साथ 10 मोबाइल टीमों को भी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही एक पुलिस उपाधीक्षक, पांच यातायात निरीक्षक, 15 यातायात उपनिरीक्षक, आठ हेड कांस्टेबल, 60 कांस्टेबल, सात सीपीयू, 50 रिक्रूट आरक्षी को तैनात किया गया है।
