Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    PIC: सावन में शिव के रंग में रंगी द्रोणनगरी, शोभायात्रा पर हेलीकाप्टर से हुई पुष्पवर्षा

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Tue, 09 Aug 2022 11:07 PM (IST)

    Tapkeshwar Mahadev Shobha Yatra द्रोणनगरी देहरादून सावन में शिव के रंग में रंग गई। 21वीं शोभायात्रा में में आस्था का सैलाब उमड़ा। जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। डेढ़ किलोमीटर लंबी यात्रा में भोले के 11 रुद्ररूप व खाटू श्याम की झांकी आकर्षण रही।

    Hero Image
    Tapkeshwar Mahadev Shobha Yatra: द्रोणनगरी देहरादून सावन में शिव के रंग में रंग गई।

    जागरण संवाददाता, देहरादून : Tapkeshwar Mahadev Shobha Yatra भगवान शिव के 11 रुद्ररूप व भव्य झांकियों के साथ श्री टपकेश्वर महादेव नगर भ्रमण पर निकले तो चारों दिशाएं भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठीं। टपकेश्वर महादेव को नमन करते हुए यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा, आतिशबाजी, देशभक्ति गीत और प्रत्येक ट्राली में तिरंगा ने यात्रा को भव्य बना दिया। मथुरा, वृंदावन, मेरठ के कलाकारों ने जहां नृत्य प्रदर्शित किया, वहीं नासिक ढोल, उज्जैन के बैंड की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

    श्री टपकेश्वर महादेव सेवा दल की ओर से मंगलवार को श्री टपकेश्वर महादेव की 21वीं शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंदिर के श्री महंत 108 कृष्णागिरी महाराज ने पूजन कर शोभायात्रा को रवाना किया।

    शिवाजी धर्मशाला से 11 बजे आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, हनुमान मंदिर, राजा रोड, कोतवाली होते हुए पलटन बाजार, जंगम शिवालय, घंटाघर, चकराता रोड, बिंदाल, दुर्गामल्ल पार्क, डाकरा बाजार, गढ़ी चौक होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।

    शोभायात्रा में श्री टपकेश्वर महादेव के चारों स्वरूप टपकेश्वर, तपेश्वर, देवेश्वर और दूधेश्वर के अलावा शिव के 11 रुद्ररूप, शिव बरात, ऊंट, नंदी पर सवार भोलेनाथ, पारंपरिक परिधान में 500 कलश लिए महिलाएं, नागपुर का सुयोग बैंड, उज्जैन का डमरू ढोल, खाटू श्याम की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

    करीबन डेढ़ किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए शिवाजी धर्मशाला के पास, बिंदाल स्थित कैंट रोड और टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा की गई। रात आठ बजे शोभा यात्रा के मंदिर में पहुंचने पर विराम दिया गया। इसके बाद विशाल भंडारा किया गया।

    इस मौके पर मंदिर के दिगंबर भरत गिरी, महापौर सुनील उनियाल गामा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राजपुर रोड विधायक खजानदास, विशाल गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, अशोक वर्मा, सेवादल के अध्यक्ष गोपाल कुमार गुप्ता, महासचिव महेश खंडेलवाल, मनमोहन जायसवाल, मुकेश गुप्ता, डीके शर्मा, विनय वर्मा, रजनीश यादव, राम माटा, सचिन जैन, राजीव गुप्ता, प्रवीण वर्मा, रोहित अग्रवाल, संजय गर्ग आदि उपस्थित रहे।

    धार्मिक सौहार्द का दिया संदेश

    श्री टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा के दौरान हेलीकाप्टर से घंटाघर के पास पुष्पवर्षा करने का कार्यक्रम तय था। लेकिन मोहर्रम के दस तारीख यौमे आशुरा पर शिया समुदाय की ओर से मातमी जुलूस को देखते हुए पुष्पवर्षा घंटाघर की जगह बिंदाल के पास करवाने का निर्णय लेते हुए श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवा दल ने धार्मिक सौहार्द का संदेश दिया।

    शोभायात्रा के दौरान आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए सेवादारों की टीम पुलिस का सहयोग करने में जुटी रही। यात्रा के पीछे पीछे मार्ग पर सेवादारों की ओर से सफाई की गई।

    विभिन्न जगहों पर लगाए गए स्टाल

    श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों के अलावा व्यापारियों की ओर से यात्रा मार्ग पर स्टाल लगाकर पानी, जूस, खीर, फल, बिस्किट आदि वितरित किया गया। इसके अलावा विभिन्न जगहों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा भी लगाया गया।

    • दून महानगर व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने अन्य व्यापारियों के साथ प्रसाद वितरित किया।
    • वहीं दून उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सुनील मैसोन ने सहयोगियों के साथ भंडारा लगाया।

    देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश

    शोभायात्रा में झांकियों की 46 ट्राली पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश दिया गया। इस दौरान डीजे और बैंड की ओर से देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई। साथ ही झांकी के दौरान ट्राली पर श्लोक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के बैनर लगाए गए।

    जिसमें पेड़ पौधे कर रहे पुकार, देते हमें वर्षा की बौछार, पेड़ बचाएं जीवन बचाएं, स्लोगन से पर्यावरण को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

    हर 10 साल बाद होती है हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा

    श्री टपकेश्वर महादेव सेवा दल के अध्यक्ष गोपाल कुमार गुप्ता ने बताया कि 11वीं शोभायात्रा के बाद इस बार 21वीं शोभायात्रा पर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा हुई। इस बार दिल्ली से आठ क्विंटल फूल मंगाए गए थे। उन्होंने बताया कि हर 10 साल के बाद ऐसा मौका देखने को मिलेगा।

    वर्षभर में नगर भ्रमण पर निकलते हैं श्री टपकेश्वर महादेव

    मंदिर के श्री महंत 108 कृष्णा गिरी महाराज ने कहा कि वर्षभर श्रद्धालु भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन करने मंदिर आते हैं, लेकिन एक दिन श्री टपकेश्वर महादेव के चारों स्वरूप नगर भ्रमण पर निकलते हैं।

    उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रति सभी एकजुट हैं। कोरोनाकाल के दो साल बाद यात्रा को भव्य रूप दिया गया। शोभायात्रा में पुलिस, प्रशासन के साथ सेवादल का सहयोग रहा।