Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dehradun News: टनकपुर के बाद दून-अमृतसर वोल्वो सेवा भी बंद, मुख्यमंत्री की घोषणा एक हफ्ते में विफल

    Updated: Fri, 01 Aug 2025 11:30 AM (IST)

    देहरादून में मुख्यमंत्री धामी द्वारा शुरू की गई दो वोल्वो बस सेवाएँ यात्रियों की कमी के कारण एक हफ्ते में ही बंद हो गईं। उत्तराखंड परिवहन निगम ने घाटे और बसों की कमी को इसका कारण बताया है। अमृतसर के लिए शुरू की गई बस सेवा भी साढ़े तीन महीने में बंद हो गई। अब निगम दिल्ली के लिए बसों का संचालन सुचारू रखने की कोशिश कर रहा है।

    Hero Image
    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

    जागरण संवाददाता, देहरादून। सिख समुदाय की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून से अमृतसर के लिए शुरू की गई उत्तराखंड परिवहन निगम की वोल्वो बस सेवा बंद कर दी गई है। इससे पूर्व इसी हफ्ते मुख्यमंत्री की घोषणा पर पिछले डेढ़ वर्ष से संचालित हो रही दून-टनकपुर वोल्वो सेवा को भी निगम बंद कर चुका है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दून-अमृतसर वोल्वो बस सेवा इसी वर्ष 14 अप्रैल से शुरू हुई थी और साढ़े तीन महीने में ही इसे बंद कर दिया गया। परिवहन निगम यात्रियों की कमी के कारण बस को हो रहे घाटे का हवाला दे रहा है।वहीं, सूत्र बता रहे कि दोनों सेवा को बंद करने की एक वजह वोल्वो बसों की कमी भी है।

    अमृतसर स्थित सिखों के पवित्र स्थल स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने एवं वाघा बार्डर देखने जाने वाले देहरादून के यात्रियों के लिए परिवहन निगम ने दून-अमृतसर वोल्वो सेवा शुरू की थी। इससे पूर्व दून से अमृतसर के लिए सीधी सेवा के रूप में एक ट्रेन लाहौरी एक्सप्रेस ही संचालित हो रही थी। यह ट्रेन दून से रोजाना शाम को साढ़े सात बजे चलती है और अगले दिन सुबह 8:35 बजे अमृतसर पहुंचती है।

    अमृतसर से यह ट्रेन रात्रि 9:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे दून पहुंचती है। यह एक तरफ यात्रा में 12 घंटे का समय लेती है, जबकि परिवहन निगम की वोल्वो बस यह दूरी साढ़े 10 घंटे में तय कर रही थी।

    यह सेवा सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर होते हुए अमृतसर जा रही थी। बस दून से रोजाना सुबह 10 बजे जबकि अमृतसर से सुबह पांच बजे वापस चलती थी। गुरुवार को यह बस अंतिम बार गई और शुक्रवार से सेवा को बंद करने का निर्णय निगम की ओर से लिया गया है।

    दिल्ली के लिए चल रही मशक्कत

    दिल्ली के लिए वोल्वो बसों का संचालन सुचारू रख पाना परिवहन निगम के लिए इस समय सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। यही वजह है कि अन्य जगह की बसों को बंद कर दिल्ली भेजा जा रहा है। दिल्ली के लिए गुरुवार को दो बसों का अनुबंध और समाप्त हो गया। ऐसे में टनकपुर व अमृतसर मार्ग से हटाई गई दोनों बसों को इस मार्ग पर भेजा जाएगा।