Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पर्यावरण दिवस पर देहरादून में चली प्लास्टिक एक्सप्रेस, 150 किलो Plastic जमा

    Updated: Thu, 05 Jun 2025 08:35 PM (IST)

    देहरादून नगर निगम ने पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक एक्सप्रेस की शुरुआत की जिसके माध्यम से शहर से 150 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। महापौर सौरभ थपलियाल ने प्लास्टिक बैंक का उद्घाटन किया जहाँ प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। इस पहल का उद्देश्य शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

    Hero Image
    लोक निर्माण विभाग बनाएगा प्लास्टिक कचरे से सड़क। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, देहरादून । नगर निगम की ओर से शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व हाउसिंग सोसायटी से प्लास्टिक एकत्रित करने के लिए प्लास्टिक एक्सप्रेस वाहन चलाया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वाहन में हर्रावाला स्थित माल आफ देहरादून समेत कई प्रतिष्ठानों से भारी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार को महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल की उपस्थिति में वाहन रवाना किया गया। मुख्य आयोजन माल आफ देहरादून में किया गया। माल आफ देहरादून से लगभग 150 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक नगर निगम के वाहन में जमा किया गया। इसके अतिरिक्त विडंलास अपार्टमेंट, केवल विहार, सेंट्रियो माल, पोस्ट आफिस, सिद्धार्थ अपार्टमेंट सहित कई अन्य स्थानों से भी प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।

    एकत्रित प्लास्टिक को प्रोसेसिंग के बाद सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को दिया जाएगा। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है। यह अभियान प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    नगर निगम परिसर में प्लास्टिक बैंक का उद्घाटन

    गुरुवार को महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर आयुक्त नमामी बंसल व पार्षदों संग नगर निगम परिसर में प्लास्टिक बैंक का उद्घाटन किया। इसमें समस्त प्लास्टिक वेस्ट एक बिन में डाला जाएगा और इसे रीसाइकिलिंग के लिए प्लास्टिक कचरा प्लांट में भेजा जाएगा।

    महापौर ने कहा कि इससे नगर निगम परिसर को प्लास्टिक मुक्त करने में सहायता मिलेगी। पूर्व में परेड ग्राउंड में भी प्लास्टिक बैंक स्थापित किया जा चुका है और भविष्य में अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इस तरह के प्लास्टिक बैंक स्थापित किए जाएंगे। ताकि, दून शहर को प्लास्टिक मुक्त शहर बनाया जा सकेगा। इस अवसर पर पार्षद सतीश कश्यप, अमिता सिंह, रोहन चंदेल आदि उपस्थित रहे।