पूरा परिवार खत्म! पत्नी, बेटे और बहू की हुई मौत... तनाव में आकर बुजुर्ग ने यमुना में कूदकर दी जान
विकासनगर में एक बुजुर्ग ने यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। पत्नी बेटे और बहू की मौत से वह गहरे तनाव में थे। पुलिस ने शव को खादर बस्ती डाकपत्थर से बरामद किया। मृतक की पहचान उनके पोते ने नर बहादुर के रूप में की। पुलिस के अनुसार पारिवारिक कारणों से बुजुर्ग परेशान थे जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। मामले की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। पत्नी, बेटे, बहू की मौत होने के बाद से एक बुजुर्ग इतना तनाव में आ गया कि उसने यमुना में कूदकर अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर ली। कोतवाली विकासनगर की पुलिस ने बुजुर्ग का शव खादर बस्ती डाकपत्थर से यमुना से बरामद किया। जिसकी शिनाख्त पोते ने अपने दादा के रूप में की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार को कोतवाली विकासनगर की पुलिस को यमुना नदी खादर बस्ती डाकपत्थर में एक शव पानी में बहकर आने की सूचना मिली। हरबर्टपुर चौकी प्रभारी विवेक भंडारी मय पुलिस फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पुलिस व एसडीआरएफ की सहायता से यमुना से बाहर निकाला गया।
मौके पर शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रचार किया। इस दौरान पता चला कि 18 अगस्त को एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति ने हरिपुर कालसी से यमुना नदी में छलांग लगाई गई थी। जिसे काफी तलाश किया गया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण पता नहीं चल पाया था।
मृतक के पोते अनिल निवासी ग्राम राजावाला बाढवाला ने शव की शिनाख्त अपने दादा नर बहादुर 87 पुत्र तुलाराम निवासी राजावाला बाढ़वाला के रूप में की। मृतक के स्वजन ने पुलिस को बताया कि उसके दादा नर बहादुर 18 अगस्त को बिना बताए घर से कहीं चले गए थे।
जिनकी वह तलाश कर रहे थे। बुजुर्ग के दो पोते हैं, जिनके साथ ही वह बाढ़वाला में रहता था। कोतवाल विनोद सिंह गुसाईं के अनुसार बुजुर्ग की पत्नी, बेटे व बहू की कुछ समय पूर्व मृत्यु हो गई थी।
जिसकी वजह से बुजुर्ग काफी तनाव में रहता था और पिछले कुछ समय से बेहद परेशान था। यही वजह उसके द्वारा जीवन लीला समाप्त करने की बनी है। मामले की जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त होने पर पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की गयी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।