Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dehradun News: भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन, सड़क पर मचा घमासान

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 09:35 AM (IST)

    देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर कूच किया जिससे तनाव बढ़ गया। राहुल गांधी पर पीएम मोदी की माता के खिलाफ टिप्पणी का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को रोकने की कोशिश की। झड़प के बाद दोनों दलों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की।

    Hero Image
    कांग्रेस मुख्यालय से निकले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोकती पुलिस। जागरण

    जागरण संवाददाता, देहरादून। देहरादून की राजपुर रोड सोमवार को सियासी जंग का अखाड़ा बन गई। भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गईं। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ।

    एस्ले हाल चौक से लेकर कांग्रेस मुख्यालय तक सड़क जाम हो गईं। पुलिस को बीच-बचाव में पसीना छूट गया। करीब डेढ़ घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा और झड़प के हिंसा में न बदलने की आशंका बनी रही। हल्की वर्षा के बीच दोनों ही राष्ट्रीय पार्टी के कार्यकर्ता आपस में दो-दो हाथ करने को आतुर नजर आए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा महानगर कार्यकर्ताओं ने किया कांग्रेस मुख्यालय कूच

    भाजपा महानगर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री मोदी की माता के लिए अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। जिसके विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय कूच करने का ऐलान किया था।

    लैंसडौन चौक स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता एकत्रित हुए। दोपहर बाद तीन बजे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के लिए कूच किया। कांग्रेस और राहुल गांधी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए भाजपाई आगे बढ़े और राहुल गांधी के सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।

    एश्ले हाल पर पुलिस ने भाजपाइयों को रोका

    हालांकि, पुलिस ने एस्ले हाल चौक से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को धक्का देकर कई कार्यकर्ता आगे निकल गए। भाजपा नेता राहुल पंवार रैली में सबसे आगे रहे और कई बार पुलिस से भिड़ते नजर आए।

    राजपुर रोड विधायक खजानदास, कैंट विधायक सविता कपूर, दर्जाधारी कैलाश पंत, विनोद उनियाल, पुनीत मित्तल, शादाब शम्स, अनिल गोयल समेत कई बड़े नेताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर पुलिस का घेरा तोड़ने का प्रयास किया।

    एश्ले हाल के पास बड़ी संख्या में कांग्रेसी भी पहुंचे

    हालांकि, गिनती के पार्षद ही कूच में शामिल हुए, जिससे भाजपा के अंदरूनी समीकरणों पर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामे के बाद पुलिस की सख्ती और लाठीचार्ज की चेतावनी के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता पीछे हटे। भाजपा कार्यकर्ता अपने महानगर कार्यालय लौट गए।

    कांग्रेस कार्यकर्ता भी कांग्रेस भवन के भीतर लौट आए। हालांकि, इसके बाद दोनों दलों के पदाधिकारी बयानबाजी करते दिखे। एक-दूसरे पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की।

    कब क्या हुआ

    दोपहर 3:30 बजे: भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम एस्ले हाल के पास पहुंचा। भाजपा महानगर कार्यालय से भारी संख्या में कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निकले। शुरुआत में माहौल जोश से भरा था, लेकिन पुलिस की बैरिकेडिंग से तनाव बढ़गया।

    शाम 4:00 बजे: बैरिकेडिंग पर खूब धक्का-मुक्की हुई। कनक चौक और एस्ले हाल चौक के बीच पुलिस ने कड़ी बैरिकेडिंग लगा रखी थी।भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़ना शुरू किया। पुलिस कर्मियों और भाजपाइयों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।

    शाम 4:15 बजे: कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़क पर आए। कांग्रेस भवन से कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बाहर निकल आए। दोनों दलों के कार्यकर्ता एस्लेहॉल चौक पर आमने-सामने आ गए। तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। महिला कार्यकर्ता भी मोर्चे पर उतर आईं। कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं का आक्रामक रुख देखकर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं में अफरातफरी मच गई।

    सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मुश्किलें

    सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को कई बार मौके पर आकर बीच-बचाव करना पड़ा। पुलिसकर्मी लगातार दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश करते रहे। एस्ले हाल चौक पर भारी जाम लग गया, जिससे आम नागरिकों को खासी परेशानी हुई। कई बार पुलिस को लाठी उठाकर भीड़ को पीछे धकेलना पड़ा।

    राहुल गांधी ने किया देश की मातृशक्ति का अपमान: भाजपा

    भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की माता पर की गई टिप्पणी केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति का अपमान है। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी को तुरंत सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। भारतीय संस्कृति का अपमान हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

    साजिश के तहत किया भाजपा ने प्रदर्शन: कांग्रेस

    कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना ने पहले ही पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी। उनका आरोप है कि भाजपा असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर कांग्रेस मुख्यालय में हिंसा की साजिश रच रही है। अगर कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा और पुलिस प्रशासन की होगी।

    comedy show banner