आसमान से जमीन पर धड़ाम हुआ वायु प्रदूषण, देहरादून में 359 से 37 पर आया एक्यूआई
दीपावली के बाद दून यूनिवर्सिटी में वायु प्रदूषण में 90% की भारी कमी आई है, जिससे एक्यूआई 359 से 37 ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सुमन सेमवाल, देहरादून। दीपावली पर आतिशबाजी से दून की हवा में घुला प्रदूषण अब काफी हद तक साफ हो चुका है। सबसे चौंकाने वाला सुधार दून यूनिवर्सिटी स्थित उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमित निगरानी केंद्र पर दर्ज किया गया है।
दीपावली के दिन यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 359 तक पहुंच गया था, जो बेहद खराब श्रेणी के करीब था। लेकिन अब यह घटकर महज 37 रह गया। यानी एक्यूआई में 322 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। प्रतिशत में देखें तो प्रदूषण के स्तर में करीब 90 प्रतिशत की कमी आई है। अब यहां हवा की गुणवत्ता अच्छी श्रेणी में पहुंच गई है।
थर्ड पार्टी निगरानी में अब भी सामान्य से अधिक प्रदूषण
हालांकि, थर्ड पार्टी वायु गुणवत्ता निगरानी के आंकड़े तस्वीर का दूसरा पहलू दिखाते हैं। यहां प्रदूषण में गिरावट तो आई है, लेकिन हवा अभी शुरुआती स्तर पर नहीं लौटी है। 11 नवंबर को नेहरू कॉलोनी में एक्यूआई 114 और घंटाघर पर 146 दर्ज किया गया। दोनों केंद्रों का औसत 130 रहा। एक नवंबर को यह औसत 103 था। इस लिहाज से दून में प्रदूषण का स्तर शुरुआती दिन से करीब 26 प्रतिशत अधिक बना हुआ है।
दीपावली के दिन आठ नवंबर को नेहरू कॉलोनी में एक्यूआई 237 और घंटाघर पर 272 पहुंच गया था। अब तक इसमें क्रमशः 123 और 125 अंकों की गिरावट आई है। यानी दोनों केंद्रों पर करीब 52 और 46 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया। इसके बावजूद दोनों केंद्रों पर हवा मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।
ऋषिकेश में भी शुरुआती स्तर से अधिक प्रदूषण
थर्ड पार्टी निगरानी में ऋषिकेश का एक्यूआई 115 दर्ज किया गया, जबकि निगरानी शुरू किए जाने के समय एक नवंबर को यह 103 था। टिहरी में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। यहां एक्यूआई 47 दर्ज हुआ, जो शुरुआती स्तर 44 के आसपास है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।