विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में प्रेमनगर के जंगल में कट्टे के अंदर मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

Published: Wed, 11 Mar 2026 03:17 PM (GMT+05:30)

देहरादून के प्रेमनगर में बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक प्लास्टिक के कट्टे में 40-45 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव मिला है।

प्रेमनगर स्थित बालासुन्दरी मंदिर के निकट जंगल में महिला का शब मिलने पर जांच को पहुंची पुलिस टीम।

प्रेमनगर स्थित बालासुन्दरी मंदिर के निकट जंगल में महिला का शब मिलने पर जांच को पहुंची पुलिस टीम।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून।  प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बालासुंदरी मंदिर के निकट जंगल में प्लास्टिक के कट्टे के अंदर एक महिला की सड़ी-गली लाश मिली है। महिला का मुंह पूरी तरह से क्षत-विक्षत अवस्था में था।

पुलिस की अनुसार, मृतका की उम्र 40 से 45 वर्ष करीब है। शव चार से पांच दिन पुराना है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वहीं, आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को शक है कि हत्या के बाद महिला के शव को प्लास्टिक के कट्टे के अंदर पैक करके फेंका गया है।

बुधवार सुबह प्रेमनगर थाने में किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि मंदिर के निकट एक प्लास्टिक कट्टे पर मक्खियां लगी हुई हैं। उसके ऊपर रजाई रखी है। कट्टे से काफी बदबू आ रही है, जोकि संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

सूचना पर झाझरा चौकी प्रभारी अमित कुमार व प्रेमनगर थाने से थानाध्यक्ष कुंदनराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने कट्टा खोलकर देखा तो उसके अंदर महिला का शव था। पुलिस ने किसी तरह से शव को बाहर निकाला और आसपास पहचान करने का प्रयास किया तो कोई पता नहीं लग पाया। मृतका के हाथ पर त्रिशूल गुदा हुआ है, जबकि पैर में पायजेब पहनी हुई थी।

सूचना पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। थानाध्यक्ष प्रेमनगर कुंदन राम ने बताया कि मृतका के शव को पहचान के लिए कोरोनेशन अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।

मौके पर फारेंसिक की टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

वहीं, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा महिला की शिनाख्त व जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

पोस्टमार्टम से लगेगा मृत्यु के कारणों का पता

पुलिस के अनुसार, मृतका के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं। मुंह पूरी तरह से क्षत-विक्षत अवस्था में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के असली कारणों का पता चल सकेगा।

दूसरी ओर पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। क्षेत्र में जितनी भी झुग्गी झोपड़ी हैं, वहां भी फोटो दिखाकर पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- रुड़की: घेर में सो रहे फैक्ट्रीकर्मी पर चलाई गोली, सिर में लगे छर्रे

यह भी पढ़ें- रुड़की हत्याकांड: 20 हजार के लालच में मिस्टर उत्तराखंड ने की दोस्त की हत्या, गिरफ्तारी के बाद हुए बड़े खुलासे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।