रुड़की: घेर में सो रहे फैक्ट्रीकर्मी पर चलाई गोली, सिर में लगे छर्रे
भगवानपुर के नन्हेड़ा गांव में रंजिश के चलते एक फैक्ट्रीकर्मी मोहित पर सोते समय गोली चलाई गई।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, भगवानपुर (रुड़की)। रंजिश के चलते नन्हेड़ा गांव में देर रात घेर में सो रहे फैक्ट्रीकर्मी पर एक युवक ने गोली चला दी।
सिर में गोली के छर्रे घुसने से फैक्ट्रीकर्मी घायल हो गया। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव निवासी मोहित एक फैक्ट्री में कर्मचारी हैं। गांव के ही एक युवक से उसकी जान पहचान है।
करीब बीस दिन पहले इनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। होली के दिन भी दोनों साथ थे। होली के दिन इनके बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय तो दोनों अपने-अपने घर चले गए थे।
बुधवार रात मोहित अपने घेर में सोया था। देर रात करीब दो बजे युवक तमंचा लेकर उनके घेर में आ गया। आरोपित ने घेर में सो रहे मोहित पर गोली चला दी। तमंचे से चली गोली के छर्रे मोहित के सिर में घुस गए।
इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गया। घेर में सो रहे अन्य लोगों ने भी आरोपित को भागते देखा, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
घटना के बाद गंभीर हालत में मोहित को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। इस मामले में घायल के स्वजन ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र ही आरोपित की धरपकड़ की जाएगी।