विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोरोना संक्रमण के लिहाज से देहरादून में स्थिति भयावह

By Sunil NegiEdited By:
Published: Mon, 14 Sep 2020 02:15 PM (IST)

कोरोना संक्रमण के लिहाज से जनपद देहरादून में स्थिति भयावह हो चुकी है। रविवार को दून में कोरोना के रिकॉर्ड 623 नए मामले आए।

कोरोना संक्रमण के लिहाज से देहरादून में स्थिति भयावह
कोरोना संक्रमण के लिहाज से देहरादून में स्थिति भयावह

देहरादून, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के लिहाज से जनपद देहरादून में स्थिति भयावह हो चुकी है। रविवार को दून में कोरोना के रिकॉर्ड 623 नए मामले आए। यह न केवल जिले में एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं, बल्कि छह माह में अब तक किसी भी जिले में एक दिन में इतने मरीज संक्रमित नहीं मिले हैं। स्थिति यह है कि 1931 सैंपल की जांच में 32 फीसद लोग पॉजिटिव आए हैं। सरल भाषा में कहें तो जांच कराने वाला हर तीसरा व्यक्ति संक्रमित निकला है। सिर्फ सितंबर में जिले में साढ़े तीन हजार नए मामले आए हैं। यह आने वाले दिनों के लिहाज से बड़े खतरे का संकेत है। 

 दून में मंडी समिति के अध्यक्ष राजेश शर्मा, दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की तीन स्टाफ नर्स व एक आरएसएस नेता की रिपोर्ट पॉजिटिव है। वहीं राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में तैनात एक महिला चिकित्सक व एक सेवानिवृत्त महिला चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव है। पछवादून में एक निजी चिकित्सक, सरकारी अस्पताल की एक नर्स समेत छह की रिपोर्ट पॉजिटिव है। बता दें कि दून में अब तक कुल 7585 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें 4173 स्वस्थ हो गए हैं। जिस तरह से हर दिन सैकड़ों की संख्या में लोग संक्रमित मिल रहे हैं उसका प्रमुख कारण लापरवाही है। जनता ने अनलॉक का मतलब गलत समझा और लॉकडाउन खुलते ही एहतियात बरतनी बंद कर दी। बाजार में पहले की ही तरह भीड़ दिख रही है और लोग मास्क और सैनिटाइजर को लेकर भी लापरवाह दिख रहे हैं। ऐसे में कोरोना का ग्राफ हर दिन तेजी से बढ़ रहा है। 

खंड शिक्षा अधिकारी समेत 24 पॉजिटिव

मुनिकीरेती में कोविड ड्यूटी में तैनात नोडल अधिकारी व नरेंद्र नगर के खंड शिक्षा अधिकारी की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुनिकीरेती में रविवार को संक्रमण के 24 नए मामले सामने आए। 

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Coronavirus News Update: उत्तराखंड में कोरोना के रिकॉर्ड 1637 मामले, एक्टिव केस का आंकड़ा भी दस हजार के पार

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फकोट के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीश जोशी ने बताया कि उन्हें बुखार की शिकायत होने पर गंगा रिसोर्ट में रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया था। इसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुनिकीरेती क्षेत्र में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या सात सौ के पार हो गई है।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के प्राइमरी कॉन्टेक्ट वाले सभी व्यक्तियों की होगी सैंपलिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।