नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ रहा आस्था का सैलाब Dehradun News
पौड़ी जिले में यमकेश्वर प्रखंड के मणिकूट पर्वत की तलहटी पर पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब बढ़ता जा रहा है। अब तक 17 लाख 22 हजार श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके हैं।
ऋषिकेश, जेएनएन। पौड़ी जिले के यमकेश्वर प्रखंड के मणिकूट पर्वत की तलहटी पर स्थित पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब बढ़ता ही जा रहा है। श्रावण मास प्रारंभ होने से अब तक 17 लाख 22 हजार श्रद्धालु यहां जलाभिषेक कर चुके हैं।
श्रावण मास की नीलकंठ यात्रा का काफी महत्व माना गया है। भगवान शिव की तपोस्थली नीलकंठ महादेव मंदिर में दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कावड़िए जलाभिषेक के लिए यहां पहुंच रहे हैं। शनिवार की सुबह 8 बजे तक करीब 60 हजार श्रद्धालु नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर चुके थे।
यहां दुपहिया वाहनों से आने वाले कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगी है। डाक कावड़ की भी शनिवार की सुबह से यहां आमद शुरू हो गई है। स्वर्गाश्रम के गीता भवन और परमार्थ घाट पर स्नान करने वाले शिव भक्तों की भीड़ जुटी है।
नीलकंठ महादेव मंदिर में मध्यरात्रि को भी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां दिन-रात निरंतर जलाभिषेक जारी है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी दिलीप सिंह कुवर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी वाईएस रावत सहित एसपी देहात परमेंद्र डोभाल यही कैंप किए हुए हैं। बारिश के बीच शिव भक्त नीलकंठ यात्रा पर अपना सफर जारी रखे हैं।
कांवड़ मेले पर पुलिस मुख्यालय से रखी जा रही है सीधी नजर
कांवड़ मेले में सुरक्षा को लेकर किसी तरह की चूक ना रहे। इसके लिए कांवड़ मेले से जुड़े सभी सवेंदनशील व भीड़भाड़ वाली जगहों पर इस बार पुलिस मुख्यालय देहरादून से सीधी नजर रखी जा रही है।
उत्तराखंड के अपराध एवं कानून व्वयस्था महानिदेशक अशोक कुमार के मताबिक हरिद्वार और ऋषिकेश के अलावा कांवड़ियों के सबसे ज्यादा आगमन वाले स्थानों पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ पर नजर भी रखी जा रही है। वहीं सम्पूर्ण कांवड़ मेला क्षेत्र में 250 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। सभी कैमरों को सीधे पुलिस मुख्यालय देहरादून से जोड़ा गया है। जहां से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। इस बार नीलकंठ, नहर पटरी, रामझूला, बैरागी कैम्प, रोड़ी बेलवाला जैसे अन्य स्थानों में नजदीक से नजर रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बदरीनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन, स्कंद पुराण में कही गई ये बात
यह भी पढ़ें: इस साल नया कीर्तिमान बना गई चारधाम यात्रा, इतने श्रद्धालु पहुंचे
यह भी पढ़ें: चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं तो रखें दिल का विशेष ख्याल, इन बातों का रखें ध्यान
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप