coronavirus का उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा ग्राफ, दो और लोगों में पुष्टि; 42 पहुंचा आंकड़ा
शनिवार को कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं जबकि 274 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। पॉजिटिव आने वाले दोनों ही मामले हरिद्वार से हैं।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं, जबकि 274 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। पॉजिटिव आने वाले दोनों ही मामले हरिद्वार से हैं, जहां एक महिला और मजदूर में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। महिला का पति जमाती है और वो दिल्ली मरकज से वापस लौटा थे। अब कोरोना मरीजों का आंकड़ा 42 तक पहुंच गया है। हालांकि इनमें से नौ लोग स्वस्थ होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं।
उत्तराखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार गहराता जा रहा है। दिन-ब-दिन कोरोना संक्रमित मरीजों के आंकड़ें में इजाफा हो रहा है। शनिवार को आई रिपोर्ट में दो और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, ये दोनों ही मामले हरिद्वार के हैं। बता दें कि रुड़की सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती जिस व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, उसे 15 अप्रैल को गणपति वेंकट हॉल स्थित राहत कैंप से सिविल अस्पताल लाया गया था। व्यक्ति ऋषिकेश में एक मिठाई की दुकान पर काम करता था।
एक अप्रैल को वह उत्तर प्रदेश हाथरस में जा रहा था। तब पुलिस ने उसे रास्ते में पकड़ लिया था। उसके बाद से वह राहत शिविर में ही था। 15 अप्रैल को उसकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल रुड़की लाया गया। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। सीएमएस डॉ संजय कंसल ने बताया कि जांच में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
वहीं, जिस महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, वह आरोग्यम अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती है। चार दिन पहले मानक मजरा गांव निवासी जमाती में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। इसके बाद गांव के 38 लोगों को आरोग्यम अस्पताल में आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया था। महिला का पति भी दिल्ली स्थित मरकज में 20 मार्च को अपने दो साथी के साथ जमात पर गया था। उसके एक साथी में वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इसी के चलते महिला सहित 38 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था।
अबतक प्रदेशभर से 3158 सैंपल जांच को भेजे जा चुके हैं, जिसमें से 2710 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि 406 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। इसके साथ ही 604 को अस्पताल आइसोलेशन, 63783 को होम क्वारंटाइन और 2041 लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है। गौरतलब है इससे पहले शुक्रवार को सैन्य अस्पताल की एक महिला डॉक्टर और नौ महीने के बच्चे समेत तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे।