Coronavirus: रीजेंटा होटल में ठहरा ब्रिटिश नागरिक कोरोना पॉजिटिव, होटल किया गया सील
दून के रीजेंटा होटल में ठहरे ब्रिटिश नागरिक की नोएडा में कराई गई जांच में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया। डीएम के आदेश पर होटल को सील कर दिया गया है।
देहरादून, जेएनएन। दून के रीजेंटा होटल में ठहरे ब्रिटिश नागरिक की नोएडा में कराई गई जांच में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया। जिला प्रशासन को इसकी सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के आदेश पर होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके साथ ही विदेशी नागरिक के संपर्क में आने वाले अब तक 10 कर्मियों की जानकारी मिली है। जिन्हें चिकित्सा दल की निगरानी में क्वारंटाइन कराया जा रहा है। इससे पहले दून में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते एहतियात के तौर पर होटल फ़ॉर प्वाइंट व सरोवर पोर्टिको को सील किया जा चुका है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी व कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. डीएस चौहान ने बताया कि ब्रिटिश नागरिक 12 मार्च को होटल में पहुंचा था। वह होटल में तीन दिन रहने के बाद 15 मार्च को नोएडा लौट गया था। इस बीच वह होटल के तमाम कर्मियों के संपर्क में आया और अन्यत्र भी घूमा। बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमण के लक्षण विदेशी नागरिक में तभी से सामने आने लगे थे। अब नोएडा में कराई गई जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि भी ही चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेशी नागरिक के यहां रुकने की अवधि में उपस्थित कर्मियों की खोज खबर शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सेलाकुई में रहने वाले 10 कर्मियों का पता चला है। ये सब अभी स्वस्थ बताए जा रहे हैं। मगर, कार्मिकों की संख्या और भी अधिक होगी। इसी लिहाज से पूछताछ जारी है। कोई भी कार्मिक अभी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। फिलहाल सामाजिक सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी ने अग्रिम आदेश तक होटल को किसी की गतिविधि के लिए बंद करा दिया है।
संपर्क में आए लोगों की पहचान करना चुनौती
होटल रिजेंटा में ठहरे कोरोना पॉजिटिव ब्रिटिश नागरिक देहरादून की परेशानी बढ़ा सकता है। तीन दिन दून में रहने के दौरान वह किन-किन लोगों के संपर्क में आया और वो लोग वर्तमान में कहां और किस स्थिति में हैं यह पता लगाना स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासन तक के लिए बड़ी चुनौती है। यही नहीं ब्रिटिश नागरिक के संपर्क पूरे प्रदेश को भी संकट में दाल सकते हैं। सरकार के सामने भी अब इस पहेली को बूझने की चुनौती है। अब तक सिर्फ ये पता चला है कि ब्रिटिश नागरिक के संपर्क में 10 लोग इंडस्ट्रीयल एरिया सेलाकुई के थे। लेकिन, इसके अलावा होटल के कर्मचारियों और अन्य लोगों के संपर्क में आने पर संशय बना हुआ है।
हालांकि, होटल को बंद कर सभी कर्मचारियों को क्वारंटाइन करने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के लिए कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शत-फीसद संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कर पाना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। अब इस स्थिति में दून समेत पूरे उत्तराखंड में कम्युनिटी में संक्रमण फैलने की आशंका बन गई है। यही उम्मीद की जानी चाहिए कि ब्रिटिश नागरिक के संपर्क में आए लोगों की जल्द पहचान हो और उनको तत्काल क्वारंटाइन किया जा सके।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: सरोवर पोर्टिको होटल के पांच कर्मियों के सैंपल लैब भेजे Dehradun News