coronavirus: पुलिसकर्मियों को बांटी गई रोग प्रतिरोधक दवा, पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित
पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता बिष्ट ने एक कंपनी और क्षेत्र पंचायत सदस्य तपोवन के सहयोग से थाना मुनिकीरेती के पुलिस कर्मियों को रोग प्रतिरोधक दवा वितरित की गई।
ऋषिकेश, जेएनएन। नरेंद्रनगर की पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता बिष्ट ने एक कंपनी और क्षेत्र पंचायत सदस्य तपोवन के सहयोग से थाना मुनिकीरेती के पुलिस कर्मियों को रोग प्रतिरोधक दवा वितरित की। वहीं, मुनिकीरेती थाना अंतर्गत तपोवन पुलिस चौकी में कोरोना से जंग को पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया।
पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित
मुनिकीरेती थाना अंतर्गत तपोवन पुलिस चौकी में कोरोना से जंग में फ्रंट लाइन पर आकर काम कर रहे पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान तपोवन चौकी प्रभारी विनोद कुमार और क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्चना चौहान ने कहा कि जिस तरह पुलिस सजगता से अपनी ड्यूटी निभा रही है। उसी तरह पर्यावरण मित्र और मीडिया कर्मी भी अपनी अपनी ड्यूटी को निर्वहन करने में लगे हैं। भद्रकाली चौकी प्रभारी अंशुल अग्रवाल और ढालवाला चौकी प्रभारी विक्रम बिष्ट ने कहा कि मीडियाकर्मी लगातार पुलिसकर्मियों की हौसला अफजाई कर रहे हैं। इससे मनोबल बढ़ रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बांटी खाद्य सामग्री
लॉकडाउन में लोगों की दिक्कत दूर करने के लिए प्रशासन की तरफ से जरूरतमंद लोगों को मदद पहुंचाई जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ताओं ने लाभार्थियों के घर-घर जाकर राशन वितरण का काम शुरू किया है। बुधवार को ग्राम सभा खैरीकलां में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री दूमोगा और सहायिका कविता राणा ने ग्राम प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल की देखरेख में राशन पहुंचाई। ब्लॉक की बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू डबराल ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राशन वितरण के निर्देश दिए गए हैं। इस बार राशन लाभार्थियों के घर पहुंचाई जाएगी।
खाद्य सामग्री बांटी
हिमालय विश्वविद्यालय फतेहपुर (डोईवाला) और हिमालय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के तत्वावधान में बुधवार को फतेहपुरटांडा (जीवनवाला) ग्रामीण क्षेत्रों में लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, डोईवाला कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने एक बुजुर्ग को मुफ्त दवा उपलब्ध कराई।
कोरोना वायरस से बचाव को बांटे मास्क
बुधवार को व्यापार मंडल की ओर से नया बाजार त्यूणी और बस्ती क्षेत्र में लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क बांटे गए। इसके अलावा चकराता क्षेत्र के त्यूना पंचायत में भाजपा मंडल महामंत्री ने ग्रामीणों को मास्क और सैनिटाइजर किट बांटी। वितरण कार्यक्रम में लोगों को जागरूक भी किया गया।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown के दौरान सहयोग की रसोई भर रही है जरूरतमंदों का पेट
व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीर रावत ने स्थानीय व्यापारियों और आसपास बस्ती क्षेत्र के लोगों को मास्क बांटे। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने लोगों से लॉक डाउन के निर्देशों का पालन करने को कहा। वहीं, चकराता क्षेत्र के त्यूना पंचायत में भाजपा मंडल महामंत्री कृपाल सिंह नेगी ने ग्रामीणों को मास्क और सैैनिटाइजर किट बांटी। त्यूणी बाजार में व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीर रावत और त्यूना पंचायत में भाजपा मंडल महामंत्री कृपाल नेगी ने लोगों को कोरोना महामारी के प्रकोप से बचाव लिए मास्क बांटे। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों को अपने-अपने घरों में रहने की सलाह दी। कहा देश-प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगह पर जाने से बचना चाहिए।