विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कॉन्स्टेबल की बाइक बिजली के खंभे से टकराई, अस्पताल में मौत; पीपीई किट देकर लौट रहे थे संजय

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Wed, 06 May 2020 08:54 AM (IST)

प्रेमनगर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल संजय कुमार की बाइक फिसल गई। उनका सिर बिजली के खंभे से जा लगा और हेलमेट टूट गया। अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

कॉन्स्टेबल की बाइक बिजली के खंभे से टकराई, अस्पताल में मौत; पीपीई किट देकर लौट रहे थे संजय
कॉन्स्टेबल की बाइक बिजली के खंभे से टकराई, अस्पताल में मौत; पीपीई किट देकर लौट रहे थे संजय

देहरादून, जेएनएन। सड़क पर बैठे पशुओं को बचाने की कोशिश में प्रेमनगर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल संजय कुमार की बाइक फिसल गई। उनका सिर बिजली के खंभे से जा लगा और हेलमेट टूट गया, जिससे उनके सिर में गहरी चोटें आईं। संजय को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। वह सुद्धोवाला स्थित क्वारंटाइन सेंटर में पीपीई किट देकर लौट रहे थे।

प्रेमनगर थाने के एसओ धर्मेद्र सिंह रौतेला ने बताया कि सोमवार रात सुद्धोवाला स्थित क्वारंटाइन सेंटर कासमोई स्टैन्जा में मानसिक रूप से कमजोर एक शख्स हंगामा कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर थाने से एक टीम मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे युवक को पकड़ने के लिए पीपीई किट की जरूरत थी। इसपर कॉन्स्टेबल संजय कुमार से पीपीई किट मंगवाई गई। 

पीपीई किट देकर वापस थाने आते वक्त रात करीब 12 बजे नंदा की चौकी के सामने सड़क पर बैठे आवारा पशुओं को बचाने के चक्कर में संजय की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि संजय का हेलमेट टूट गया। इससे उनके सिर में गहरी चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की खबर पाकर डीआइजी अरुण मोहन जोशी, एसपी सिटी श्वेता चौबे सहित कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। मंगलवार को दिन में करीब 11 बजे संजय ने दम तोड़ दिया।

मंगलौर के रहने वाले थे संजय

वर्ष 2006 बैच के आरक्षी संजय मूल रूप से हरिद्वार के मंगलौर के रहने वाले थे। वर्तमान में वह पत्नी और सात साल की बेटी के साथ पित्थूवाला में रह रहे थे। दिवंगत कॉन्स्टेबल को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने संजय के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। यहां से पार्थिव शरीर पित्थूवाला और फिर अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया गया।

2017 में चमोली से आए थे संजय

इससे पहले संजय की पोस्टिंग चमोली जिले में थी। 2017 में वह देहरादून आए। एसओ प्रेमनगर धर्मेद्र रौतेला ने बताया कि संजय काफी मेहनती थे। हर काम के लिए वह आगे खड़े रहते थे। समाजसेवा के लिए भी हर समय तत्पर रहते थे। 

यह भी पढ़ें: राजस्व विभाग के संग्रह अनुसेवक की हादसे में मौत, विकासनगर में गहरी खाई में गिरी कार

राज्यपाल ने पुलिस कांस्टेबल की मृत्‍यु पर व्‍यक्‍त किया शोक                  

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने देहरादून में तैनात पुलिस कांस्टेबल संजय कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा है कि स्व संजय कुमार एक बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ कर्मिक थे। वर्तमान संकट में उन्होंने अपने कोरोना योद्धा के दायित्व का भली-भांति निर्वहन किया। राज्यपाल ने मृतक की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

यह भी पढ़ें: संतुलन बिगड़ने से सड़क पर पलटी कार, घायल युवक ने दम तोड़ा Dehradun News

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।