Move to Jagran APP

पिथौरागढ़ और रुड़की के चुनावी समर में फीडबैक से कांग्रेस उत्साहित

पंचायतों में कांग्रेस को भले ही सीमित सीटों पर संतोष करना पड़ा लेकिन पार्टी पिथौरागढ़ विधानसभा सीट के उपचुनाव और रुड़की नगर निगम महापौर के चुनाव को लेकर ज्यादा उत्साही दिख रही है।

By Edited By: Published: Mon, 11 Nov 2019 09:16 PM (IST)Updated: Tue, 12 Nov 2019 11:33 AM (IST)
पिथौरागढ़ और रुड़की के चुनावी समर में फीडबैक से कांग्रेस उत्साहित
पिथौरागढ़ और रुड़की के चुनावी समर में फीडबैक से कांग्रेस उत्साहित

देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भले ही सीमित सीटों पर संतोष करना पड़ा, लेकिन पार्टी पिथौरागढ़ विधानसभा सीट के उपचुनाव और रुड़की नगर निगम महापौर के चुनाव को लेकर ज्यादा उत्साही दिख रही है। इसकी वजह पार्टी को अपने जमीनी कार्यकर्ताओं से मिलने वाली रिपोर्ट है। 

loksabha election banner

पिथौरागढ़ सीट पर पार्टी मानकर चल रही है कि वहां थराली विधानसभा सीट के उपचुनाव की तर्ज पर ही भाजपा के साथ टक्कर होने जा रही है। पिथौरागढ़ सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को नाम वापसी का आखिरी दिन था। इस सीट पर मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला तय है।

दिवंगत काबीना मंत्री प्रकाश पंत के निधन से रिक्त हुई इस सीट पर पारंपरिक दावेदार के रूप से पूर्व विधायक मयूख महर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी ने उनकी पसंद पर ही जिला पंचायत सदस्य अंजु लुंठी को उम्मीदवार बनाया है। अंजु को लेकर कांग्रेस उत्साहित है। इसकी वजह अंजू का विण ब्लॉक से दो बार ब्लॉक प्रमुख रहना है। 

अंजु को पार्टी पिथौरागढ़ जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के तौर पर पेश करने की तैयारी में थी, लेकिन आरक्षण के चलते उसकी हसरत पूरी नहीं हो पाई। अंजु लुंठी और उनके पति की सक्रियता के चलते पार्टी अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं से अब तक मिली रिपोर्ट को सकारात्मक मान रही है। 

पिथौरागढ़ में उपचुनाव की रणनीति को धार देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह कुमाऊं मंडल के कद्दावर नेताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर चुनाव प्रचार की रणनीति को अंजाम देंगे। प्रीतम सिंह इस सिलसिले बुधवार को हल्द्वानी से तीन दिनी दौरे पर पिथौरागढ़ रवाना होंगे। इसके बाद प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह का पिथौरागढ़ दौरा प्रस्तावित है। 

पिथौरागढ़ के साथ ही रुड़की नगर निगम में महापौर के चुनाव में अब तक मिले फीडबैक से पार्टी अंदरखाने पुख्ता रणनीति तैयार करने में जुटी है। हरिद्वार जिले के विधायकों को भी इस काम में लगाया गया है। बकौल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पिथौरागढ़ और रुड़की दोनों ही जगह चुनाव में कांग्रेस की चुनौती से भाजपा के माथे पर बल पड़े हैं। उन्होंने दोनों ही चुनावों में कामयाबी मिलने का भरोसा जताया। 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह बोले, भाजपा सरकार ने पूरा नहीं किया एक भी वायदा

नई प्रदेश कमेटी चुनाव के बाद होगी घोषित 

प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी अब रुड़की नगर निगम चुनाव और पिथौरागढ़ सीट पर उपचुनाव के बाद ही घोषित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह बीते दो दिनों दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर सोमवार को देहरादून पहुंच गए। उन्होंने पंचायत चुनाव के नतीजों व पार्टी की आगे चुनावी तैयारियों के बारे में केंद्रीय नेताओं को जानकारी दी।

यह भी पढ़ें: भाजपा ही विकास कराने में पूरी तरह से सक्षम : कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.