विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड चुनाव: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी जिलों में परखेगी दावेदारों का दमः दीपा दास मुंशी

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:14 PM (IST)

उत्तराखंड में सत्ता वापसी की कोशिशों में जुटी कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में सावधानी बरत रही है। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. स्क्रीनिंग कमेटी जिलों में जुटाएगी दावेदारों का बायोडाटा।

  2. विधानसभा क्षेत्रों से भी लिया जाएगा उम्मीदवारों का फीडबैक।

  3. मजबूत प्रत्याशी चुनकर भाजपा को हराने का लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। उत्तराखंड में सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी कांग्रेस इस बार विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर फूंक-फूंककर कदम बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी अब केवल दावेदारों के दावों और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों के आधार पर उम्मीदवार तय नहीं करेगी, बल्कि उनके राजनीतिक दमखम, क्षेत्र में सक्रियता और जनस्वीकार्यता को भी परखेगी।

इसके लिए स्क्रीनिंग कमेटी जिलों का दौरा कर दावेदारों की जमीनी स्थिति आंकेगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी की प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में इस कार्ययोजना पर सहमति बनी कि कमेटी जिला मुख्यालयों में विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के बायोडाटा एकत्र करेगी।

इसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्रों से उनके दावों और राजनीतिक स्थिति को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा। दरअसल, वर्ष 2017 से राज्य की सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस इस बार उम्मीदवार चयन में किसी तरह की चूक से बचना चाहती है।

पार्टी के सामने चुनौती केवल मजबूत चेहरों की पहचान करना नहीं, बल्कि ऐसा प्रत्याशी चुनना भी है जो चुनाव के दौरान संगठन को साथ लेकर चल सके और अपने क्षेत्र में प्रभावी मुकाबला कर सके। ऐसे में स्क्रीनिंग कमेटी की जिलावार कवायद को प्रत्याशी चयन की शुरुआती, लेकिन अहम प्रक्रिया माना जा रहा है।

शनिवार को देहरादून पहुंची स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी और दोनों सदस्यों अनिल चौधरी व पालभाई अंबालिया ने कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी, उनकी जमीनी स्थिति और चयन प्रक्रिया को लेकर विमर्श किया। साथ ही सुझाव भी लिए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में सहमति बनी कि विधानसभा क्षेत्रवार जाने के बजाए स्कीनिंग कमेटी जिला मुख्यालयों में जाकर दावेदारों का बायोडाटा जुटाए। दौरे कब से होंगे, इस बारे में रविवार को निर्णय लिया जा सकता है।

कमेटी सभी पहलुओं के परीक्षण के बाद प्रत्येक विधानसभा सीट के लिए दावेदारों का पैनल तैयार कर कमेटी प्रदेश चुनाव समिति को सौंपेगी, जो इस पर विमर्श कर हाईकमान को भेजेगी।

विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें ही प्रत्याशी बनाया जाएगा, जो लड़ सकते हैं और भाजपा को हराने में सक्षम हैं। इसी के दृष्टिगत कांग्रेस ने कवायद प्रारंभ कर दी है। प्रत्येक सीट के लिए दावेदारों का पैनल तैयार किया जाएगा।

दीपा दासमुंशी, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं अध्यक्ष, उत्तराखंड स्क्रीनिंग कमेटी।

यह भी पढ़ें- मौजूदा परिसीमन पर ही लागू हो 33% महिला आरक्षण: हरीश रावत

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की कवायद की शुरू, स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची दून

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।