उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की कवायद की शुरू, स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची दून
उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
-1795882960644_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूराे, जागरण देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। विधानसभा की सभी 70 सीटों पर मजबूत उम्मीदवारों की तलाश के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी शनिवार को पहली बार दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंची।
पहले दिन स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी और सदस्य अनिल चौधरी व पालभाई अंबालिया ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संभावित प्रत्याशियों को लेकर प्रारंभिक मंथन किया।
साथ ही पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के साथ भी विमर्श किया। इस अवसर पर कमेटी की अध्यक्ष ने साफ किया कि इस बार चुनाव में उन्हीें को उम्मीदवार बनाया जाएगा, जो टिकाऊ व जिताऊ हों। साथ ही पार्टीजनों से कहा कि वे पूरी एकजुटता के साथ राज्य सरकार की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करें।
कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और आगामी चुनाव की तैयारियों पर भी विमर्श हुआ।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत अन्य नेता शामिल रहे।
स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक में भी सभी विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, टिकट के संभावित दावेदारों, उनकी संगठनात्मक सक्रियता और क्षेत्र में जनाधार को लेकर विमर्श हुआ।
शाम को कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से वन-टू-वन बातचीत भी की। कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी ने कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से सुझाव लिए जा रहे हैं। इनके आधार पर आगे की रणनीति तय होगी।
स्क्रीनिंग कमेटी अगले चरण में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के साथ बैठकें कर सीटवार स्थिति का आकलन करेगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सभी एकजुट हैं। कोई अलग नहीं है। सभी मिलकर राज्य में कांग्रेस की सरकार लाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।