उत्तराखंड चुनाव में कांग्रेस का मंडलम नेटवर्क भाजपा के शक्ति केंद्रों को देगा चुनौती
कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 1250 मंडलम इकाइयों का गठन किया है, जिनमें प्रत्येक में 10 बूथ शामिल हैं।
-1795521687963_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
केदार दत्त, जागरण देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस इस बार भाजपा के मजबूत बूथ प्रबंधन का मुकाबला संगठनात्मक नेटवर्क के जरिये करने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा जहां शक्ति केंद्रों के माध्यम से बूथ स्तर तक अपनी सांगठनिक गतिविधियों को गति देती आई है।
वहीं, कांग्रेस ने भी इसी तर्ज पर प्रदेश में 1250 मंडलम गठित करने का दावा किया है। पार्टी की कोशिश मंडलम के माध्यम से चुनावी अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की है। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ता मोर्चा संभालेंगे और अपने बूथ के मतदाताओं की चिंता करेंगे।
उत्तराखंड में कांग्रेस की 261 सांगठनिक ब्लाक इकाइयां हैं। पहाड़ के विषम भूगोल को देखते हुए ब्लाक अध्यक्ष का प्रत्येक बूथ पर पहुंचना संभव नहीं हो पाता। इसे देखते हुए कांग्रेस ने मंडलम की अवधारणा को धरातल पर उतारा है।
प्रत्येक मंडल में 10 बूथ शामिल किए गए हैं। राज्य में पोलिंग बूथ की संख्या 12,498 है। पार्टी का यह ढांचा सीधे बूथ स्तर से जुड़ता है। मंडलम की कार्यकारिणी न्यूनतम 11 और अधिकतम 21 की रखी गई है। बूथ इकाई में भी 11 से 21 पदाधिकारी होते हैं।
इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर 10-10 बीएलए-2 व बीएलए-1 की भी तैनाती है। पार्टी का प्रयास है कि इस व्यवस्था के तहत 40 से 50 कार्यकर्ताओं की टीम प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहे। कांग्रेस की रणनीति है कि मंडलम के माध्यम से पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और राजनीतिक मुद्दों को स्थानीय स्तर पर मजबूती दी जाए।
इस कड़ी में मंडलम के साथ आनलाइन बैठकों का क्रम शुरू किया गया है। इनमें सांगठनिक गतिविधियों की समीक्षा, चुनावी तैयारियों और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हो रही है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क को और अधिक सक्रिय करने की याेजना है।
आनलाइन बैठकों का क्रम तेज किया जाएगा, ताकि प्रदेश नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद बना रहे। अब देखने वाली बात होगी कि भाजपा के शक्ति केंद्रों के सामने कांग्रेस का मंडलम नेटवर्क कितना प्रभावी साबित होगा।
‘विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत संगठन की पांच लेयर व्यवस्था प्रांत, जिला, ब्लाक, मंडलम व बूथ के तहत कांग्रेस जुटी हुई है। मंडलम का गठन हो चुका है और इन दिनों तेजी से बूथ इकाइयों का गठन चल रहा है। कांग्रेस का मजबूत संगठन उसकी विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा।’
राजेंद्र सिंह भंडारी, महामंत्री संगठन, प्रदेश कांग्रेस
यह भी पढ़ें- देहरादून जमीन धोखाधड़ी: जमीन के असली मालिक की जगह दूसरे को खड़ा करके करा ली रजिस्ट्री, दो आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून के विकास नगर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।