Move to Jagran APP

भाजपा नेता संजय को लेकर कांग्रेस हमलावर, असहज भाजपा ने किया पलटवार

एक महिला द्वारा भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी पर आरोप लगाने के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई। वहीं, असहज भाजपा ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया।

By BhanuEdited By: Published: Mon, 05 Nov 2018 12:58 PM (IST)Updated: Mon, 05 Nov 2018 12:58 PM (IST)
भाजपा नेता संजय को लेकर कांग्रेस हमलावर, असहज भाजपा ने किया पलटवार
भाजपा नेता संजय को लेकर कांग्रेस हमलावर, असहज भाजपा ने किया पलटवार

देहरादून, [राज्य ब्यूरो] एक महिला द्वारा भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी पर आरोप लगाए जाने और भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को पद से हटाने के बाद कांग्रेस ने मुद्दे को लपक लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रकरण पर सरकार व भाजपा संगठन को निशाने पर लेते हुए मांग की कि इस मामले में आरोपित पदाधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए। वहीं, इस मामले में असहज भाजपा ने पलटवार किया है। 

loksabha election banner

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाने वाली महिला को सुरक्षा देने की मांग भी सरकार से की है। कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार क्यों अपनी महिला कार्यकर्ता के आरोप के मामले में आरोपित पदाधिकारी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी भी होनी चाहिए। 

भाजपा महानगर अध्यक्ष और महिला कार्यकर्ता के बीच हुई बातचीत का आडियो सार्वजनिक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका बयान शर्मनाक है। राजनीति में आने वाली महिलाओं के प्रति भाजपा के नजरिये को उनके महानगर अध्यक्ष अपने बयान के जरिये साबित कर रहे हैं। ऐसा कहने पर उन्हें शर्म आनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा भी मौजूद थे। 

प्रीतम सिंह बोले, उनसे भी मिली थी महिला 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस बात को स्वीकार किया कि भाजपा प्रदेश पदाधिकारी पर आरोप लगाने वाली महिला ने उनसे भी मुलाकात की थी। उन्होने कहा कि महिला उनके पास आई थी लेकिन बिना तथ्यों के आरोप लगाने की वह राजनीति नहीं करते। अगर महिला उन्हें तथ्य देती, तो निश्चित रूप से बात उठाई जाती। 

उन्होंने कहा कि महिला कब आई यह उन्हें ध्यान नहीं है। उन्होंने महिला से कहा था कि वह पुलिस में एफआइआर दर्ज करे, अगर रिपोर्ट नहीं हो रही है तब कांग्रेस इसे दर्ज कराने में मदद करेगी। 

वीडियो आएगा तो फारवर्ड होगा ही 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उद्योगपति गौतम अडाणी के बीच बातचीत के विवादित वीडियो पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के खिलाफ तहरीर दिए जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तल्ख तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि कोई भी वीडियो वायरल होता है तो उसे देखकर फारवर्ड या लाइक किया जाता है। इसमें क्या बुराई है। 

उन्होंने कहा कि यह जमाना सोशल नेटवर्किंग का है। उनके पास कोई वीडियो आएगा तो वह उसकी फॉरेंसिक जांच नहीं कराएंगे। वह उसे आगे फारवर्ड करेंगे। उन्होंने कहा कि मुकदमों की धमकी देकर सरकार कांग्रेस के लोगों को धमकाना छोड़ दे। यदि सरकार ऐसे काम करेगी तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।

असहज भाजपा बोली, संगठन के संज्ञान में मामला

एक महिला द्वारा वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी पर लगाए गए उत्पीड़न के आरोप और प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को हटाए जाने के बाद भी भाजपा के लिए संकट टला नहीं है। असहज स्थिति में नजर आ रही पार्टी ने रविवार को मामले में पहली बार बेहद सधी प्रतिक्रिया दी। 

पार्टी का कहना है कि मामला संगठन के संज्ञान में आ चुका है और आंतरिक प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। अलबत्ता, पार्टी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि वह भाजपा को नसीहत देना बंद करे। 

निकाय चुनाव की जंग के बीच शनिवार को मीडिया में आए एक महिला के आरोपों ने भाजपा को असहज स्थिति में ला दिया। असहज इसलिए, क्योंकि आरोप लगाने वाली महिला अभी भूमिगत है और उसके द्वारा पुलिस में जल्द रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की चर्चा है। साथ ही, कांग्रेस ने भी इसे ऐन चुनाव के वक्त मुद्दा बना दिया है। 

हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को पद से हटाकर इससे उबरने की कोशिश की, मगर संकट अभी भी टला नहीं है। आरोप लगाने वाली महिला शनिवार सुबह से भूमिगत है और दूसरे दिन भी वह सामने नहीं आई। पुलिस में अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। यही नहीं, महिला की स्पष्ट लोकेशन भी पुलिस को नहीं मिली है। 

हालांकि, इस मामले में शनिवार को पार्टी ने चुप्पी साधे रखी, लेकिन अब प्रदेश मुख्यालय में मीडिया कर्मियों से रूबरू हुए भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि प्रकरण संगठन के संज्ञान में आ गया है। आंतरिक प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। 

कांग्रेस के आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान के प्रति पूरी सजग है। पार्टी में मातृशक्ति पूरी तरह सुरक्षित है। एक अन्य प्रश्न पर उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा और भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।

यह भी पढ़ें: भाजपा ने प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को हटाया

यह भी पढ़ें: स्थानीय निकाय चुनावों में असंतुष्टों को कांग्रेस भी दिखाएगी बाहर का रास्ता

यह भी पढ़ें: चुनावी खर्च में नामांकन की फीस नहीं दिखा रहे नेताजी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.