कांग्रेस का आरोप, गैरसैंण मुद्दे पर भाजपा हुई बेनकाब
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भट्ट व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के परस्पर विरोधी बयानों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा को गैरसैंण विरोधी करार दिया।
देहरादून, जेएनएन। गैरसैंण में शीतकालीन सत्र आयोजित करवाने को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के परस्पर विरोधी बयानों से कांग्रेस को मुद्दा मिल गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा को गैरसैंण विरोधी करार दिया।
धस्माना ने भाजपा पर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप भी लगाया। कहा कि भाजपा अब जनता के सामने गैरसैंण के मामले में भी बेनकाब हो गई है।
उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के गैरसैंण संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पार्टी का अधिकारिक बयान है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा को गैरसैंण राजधानी के रूप में मंजूर नहीं है।
धस्माना ने कहा कि भाजपा कभी भी गैरसैंण को राजधानी बनाने की पक्षधर नहीं रही है, क्योंकि अगर भाजपा गैरसैंण को राजधानी बनाना चाहती तो राज्य गठन के समय ही राज्य निर्माण के बिल में राजधानी का स्पष्ट उल्लेख करती व राज्य निर्माण के साथ ही राजधानी निर्माण भी शुरू हो जाता।
यह भी पढ़ें: गैरसैंण में सत्र पर हरक सिंह ने अजय भट्ट के सुर में मिलाया सुर
यह भी पढ़ें: भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका अपने ही विधायक का पुतला, ये है नाराजगी की वजह
यह भी पढ़ें: गैरसैंण में सत्र आयोजित करने को लेकर सरकार और भाजपा आमने सामने