विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 19, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एग्जिट पोल से भाजपा खुश, तो कांग्रेस ने बताया कोरा अनुमान

By Edited By:
Published: Sun, 19 May 2019 09:34 PM (IST)Updated: Mon, 20 May 2019 03:26 PM (IST)

लोकसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद तमाम एग्जिट पोल के अनुमान को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है।

एग्जिट पोल से भाजपा खुश, तो कांग्रेस ने बताया कोरा अनुमान
एग्जिट पोल से भाजपा खुश, तो कांग्रेस ने बताया कोरा अनुमान

देहरादून, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद तमाम एग्जिट पोल के अनुमान को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है। अधिकांश एग्जिट पोल में उत्तराखंड की सभी पांच सीटों पर भाजपा के पक्ष में अनुमान व्यक्त किया गया है। भाजपा ने इसे वास्तविक परिणाम बताते हुए कहा कि राष्ट्रवाद बनाम आतंकवाद के मुद्दे पर हुए चुनावों में जनता ने राष्ट्रवाद को तरजीह दी है। पार्टी ने इसे जनता द्वारा प्रधानमंत्री और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर मुहर बताया है। वहीं, कांग्रेस ने इन एग्जिट पोल को कोरा अनुमान बताते हुए कहा कि असल नतीजे 23 मई को ही सामने आएंगे और कांग्रेस प्रदेश में भाजपा से बेहतर प्रदर्शन करेगी। 

उत्तराखंड में बीते लोकसभा चुनावों में भाजपा ने प्रदेश की पांचों सीटों पर परचम लहराया था, जबकि 2009 में कांग्रेस ने सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2004 के चुनावों में भाजपा ने तीन और कांग्रेस व सपा ने एक-एक सीट जीतने में कामयाबी पाई थी। इस वर्ष प्रदेश में पहले चरण में चुनाव हुए। जानकार यहां सीधा मुकाबला भी भाजपा व कांग्रेस के बीच ही मान रहे हैं।
रविवार को मतदान समाप्ति के बाद आए एग्जिट पोल में भाजपा को सभी पांचों सीटों पर आगे दिखाया जा रहा है। हालांकि, कुछ एग्जिट पोल एक सीट कांग्रेस को दे रहे हैं। इससे भाजपा में खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही है। पांच सालों में केंद्र सरकार ने गरीब, जवान, महिला, किसान और युवाओं के लिए जो कदम उठाए हैं, देश की जनता ने उस पर मुहर लगाई है। केंद्र सरकार का एक-एक पैसा गरीब के खाते में आ रहा है। गरीबों को निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। 
सेना पहले से अधिक सशक्त हुई है। भारत का पूरे विश्व में डंका बज रहा है। वोट देते समय जनता के मन में यह बात थी, इसलिए उसने अपना भरपूर प्यार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लुटाया है। प्रदेश की पांचों सीटें भी भाजपा ही जीतेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि पूरे देश में भाजपा 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रदेश में पांचों सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगा। 
जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि और उनके जरिए कराए गए विकास कार्यों को लेकर जबरदस्त अंडर करंट है जो वोट के रूप में परिवर्तित होगा। निश्चित रूप से भाजपा प्रदेश में पांचों सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ ही केंद्र में भी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। 
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि एग्जिट पोल महज एक अंदाजा है। वर्ष 2004 में भी एग्जिट पोल में एनडीए को जिताया हुआ दिखाया जा रहा था, तो गलत साबित हुआ। नतीजे इसके ठीक उलट रहे। यही स्थिति इस बार भी होगी। भाजपा ने पूरे देश में जो कृत्रिम वातावरण बनाया है वैसे ही ये एग्जिट पोल भी हैं। प्रदेश में कांग्रेस, भाजपा से बेहतर प्रदर्शन करेगी और केंद्र में भी कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन रहेगा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।