CM योगी की मां सावित्री देवी का निधन: शिक्षक पिता के अनुशासन में पलीं, ताउम्र निभाया बहनों से रिश्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का बचपन तीन बहनों के साथ यमकेश्वर के जैहरी गांव में बीता। उनके शिक्षक पिता अमर सिंह नेगी ने उन्हें शिक्षा और अनुशासन के माहौल में पाला, और उनका अपनी बहनों से आजीवन गहरा जुड़ाव रहा।

पिता अमर सिंह नेगी थे शिक्षक, ग्राम जैहरी में हुआ तीनों बहनों का पालन-पोषण। फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
सावित्री देवी तीन बहनों में सबसे बड़ी थीं, बचपन जैहरी में बीता।
शिक्षक पिता अमर सिंह नेगी ने शिक्षा और अनुशासन में पाला।
अपनी बहनों से आजीवन गहरा भावनात्मक संबंध बनाए रखा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का बचपन तीन बहनों के परिवार में बीता। वह तीनों बहनों में बड़ी थीं। उनकी दो अन्य बहनें सरला देवी और सरोज देवी हैं। तीनों बहनों का पालन-पोषण यमकेश्वर क्षेत्र के ग्राम जैहरी (भृगुखाल) में हुआ। उनके पिता अमर सिंह नेगी पेशे से शिक्षक थे। मायके से सावित्री देवी का जुड़ाव आजीवन बना रहा।
उनकी छोटी बहन सरोज देवी उप्र के सहारनपुर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि परिवार में तीन बहनें थीं। बड़ी बहन सावित्री देवी के बाद सरला देवी और फिर वह स्वयं हैं। पिता अमर सिंह नेगी अध्यापक थे। उनके घर में शिक्षा और अनुशासन का माहौल था। तीनों बहनों का बचपन इसी परिवेश में बीता। विवाह के बाद भी तीनों बहनों के आपसी संबंध बने रहे।
यह भी पढ़ें- VIDEO: मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए CM योगी, हरिद्वार में अंतिम संस्कार
बहन से नियमित बात करती थीं सावित्री देवी
सावित्री देवी की बहन सरोज देवी के पुत्र कविंद्र बिष्ट ने बताया कि उनका अपनी मौसी से नियमित संपर्क रहता था। वह समय-समय पर फोन पर बात कर उनका हालचाल पूछती थीं और आशीर्वाद भी देती थीं। परिवार के सदस्यों के बीच यह आत्मीय संवाद बना रहा। परिवार की जिम्मेदारियों और व्यस्तताओं के बीच भी सावित्री देवी ने अपने मायके के रिश्तों को बनाए रखा।