अंतिम विदाई से पहले पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे योगी आदित्यनाथ, खुद को संभालते... फिर भर आतीं आंखें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी, जहां संन्यासी के संयम और पुत्र के प्रेम के बीच द्वंद्व साफ दिखा।

HighLights
योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी
संन्यासी होते हुए भी पुत्र का प्रेम आंखों से छलका
पंचूर गांव में मां के पार्थिव शरीर के पास रातभर रहे
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। संन्यास का अर्थ है मोह का त्याग। रिश्तों के बंधन से मुक्ति और स्वयं को संसार के कल्याण के लिए समर्पित कर देना। अजय बिष्ट ने इसी राह पर बढ़कर वैराग्य को ध्येय बनाया था। शनिवार को मां सावित्री देवी की अंतिम विदाई में योगी आदित्यनाथ के सामने एक ओर संन्यासी का संयम था, दूसरी ओर मां के लिए उमड़ता पुत्र का प्रेम।
एक ओर सांसारिक मोह से ऊपर उठने का संकल्प था, दूसरी ओर जन्मदायिनी के प्रति पुत्र धर्म निभाने का कर्तव्य। इस द्वंद्व के बीच योगी के ह्रदय में मां के लिए छिपा प्रेम बार-बार हिलोरें लेता और अश्रु के रूप में आंखों से छलक उठता।
पंचूर गांव स्थित घर में मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे योगी आदित्यनाथ की नजरें बार-बार मां के चेहरे पर ठहर जातीं। कभी हाथ की उंगलियों से आंसू पोंछते, कभी गले में पड़े गमछे से पलकों की नमी छिपाने का प्रयास करते। खुद को संभालते, फिर आंखें भर आतीं। भगवा वस्त्रों में लिपटा संन्यासी उस समय न मुख्यमंत्री था, न गोरक्षपीठ पीठाधीश्वर। वह केवल मां के सामने बैठा एक बेटा था।
मां की स्मृतियां सबसे करीब
अंतिम विदाई से पहले की पूरी रात योगी मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। मां का चेहरा निहारते हुए वह मौन रहे। न बातचीत, न प्रतिक्रिया। पूरी रात उनके विचारों में सिर्फ मां की स्मृतियां ही सबसे करीब थीं।
पुत्र का मन बार-बार भावुक हो उठता
मां की अंतिम यात्रा शुरू हुई तो योगी कंधा देने आगे बढ़े। कदम आगे बढ़ रहे थे, लेकिन आंखों में आंसू बार-बार उमड़ रहे थे। संन्यासी की भूमिका उन्हें मजबूत रहने का संदेश दे रही थी, लेकिन पुत्र का मन बार-बार भावुक हो उठता था।
मां के सामने वैराग्य भी मौन
योगी के आंसुओं में एक पुत्र की पीड़ा थी, मां अब कभी दरवाजे पर खड़ी होकर दही-चीनी खिलाकर विदा करने के लिए नहीं आएगी। घर लौटने पर कभी उनकी आवाज नहीं सुनाई देगी। अब उनके सिर पर कभी मां का आशीर्वाद भरा हाथ भी नहीं होगा।
प्रबल रहा मां के प्रति पुत्र का भाव
संन्यास ने अजय सिंह बिष्ट को योगी आदित्यनाथ बनाया, उन्हें मोह-माया से ऊपर उठाया, लेकिन मां के प्रति पुत्र का भाव कभी समाप्त नहीं हुआ। शनिवार को पंचूर में यही मार्मिक दृश्य था। भगवा वस्त्रों में एक संन्यासी अपनी मां को अंतिम विदाई दे रहा था, लेकिन भीतर एक बेटा मां की ममता से बिछड़ रहा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।