सीएम धामी ने लांच किया उन्नति और अपणि सरकार पोर्टल, जुड़ेंगी 75 सेवाएं; ठंडे बस्ते में नहीं पड़ेंगी योजनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सर्वे चौक स्थित आइआरडीटी सभागार में इस पोर्टल को लांच करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में अपणि सरकार पोर्टल को भी लांच किया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। आजादी के 75वें साल के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ने जनता को घर बैठे 75 सेवाओं का लाभ दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपणि सरकार पोर्टल लांच किया। इसके अलावा सरकारी योजनाओं की पल-पल की जानकारी रखने के लिए तैयार किया गया उन्नति पोर्टल भी लांच किया गया। दोनों पोर्टल सरकार की इंफार्मेशन टेक्नोलाजी डेवलपमेंट एजेंसी (आइटीडीए) ने तैयार किए हैं।
सर्वे चौक स्थित आइआरडीटी सभागार में पोर्टल लांचिंग के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट की 32 सेवाओं को अपडेट करते हुए सरकारी विभागों की कुल 75 सेवाओं को अपणि सरकार पोर्टल से जोड़ा गया है। जल्द सेवा का अधिकार से संबंधित सभी सेवाओं को भी इस पोर्टल से जोड़ा जाएगा। अब जनता को किसी भी काम के लिए विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वह घर बैठे अपणि सरकार के पोर्टल से विभिन्न प्रमाण पत्रों व सेवाओं के लिए आवेदन करेंगे और घर बैठे ही संबंधित प्रमाण पत्र व सेवा का लाभ उन तक पहुंच जाएगा। इसी तरह उन्नति पोर्टल से विभिन्न सरकारी योजनाओं की सीधी निगरानी कर उनकी प्रगति बढ़ाने में मदद मिलेगी। अब कोई भी विभाग योजनाओं को लेकर बहानेबाजी नहीं कर पाएगा। पोर्टल तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री ने आइटीडीए समेत पूरे सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपणि सरकार पोर्टल से लाभांवित हरिद्वार, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ के लाभार्थियों से आनलाइन संवाद भी किया। लाभार्थियों ने बताया कि उन्होंने विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आनलाइन आवेदन किया था और समय से पहले उन्हें प्रमाण पत्र प्राप्त भी हो गए। वहीं, महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि यह तकनीक का युग है और उत्तराखंड सरकार इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में प्रमुख सूचना एवं प्रौद्योगिकी आरके सुधांशु, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते, आइटीडीए निदेशक डा. आशीष श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
डिजीलाकर में रखे जाएंगे प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से जो प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे, उन्हें डिजीलाकर में सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे नागरिकों को प्रमाण पत्र साथ लेकर चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में होम स्टे का किया जाएगा श्रेणीकरण, ऐसे तय होगी श्रेणी; पर्यटकों से भी लिए जाएंगे सुझाव

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।