Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्‍तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के बाद सीएम धामी की नई योजना, पढ़ें क्‍या है लिगेसी प्‍लान?

    Updated: Sun, 13 Jul 2025 01:36 PM (IST)

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के दौरान निर्मित खेल अवसंरचनाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लिगेसी योजना पर तेजी से काम करने को कहा है। उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था और सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री धामी ने लिगेसी प्लान में तेजी से कार्यवाही के दिए निर्देश। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में हुए राष्ट्रीय खेलों की सफलता के बाद सरकार अब नई दृष्टि व रणनीति से आगे बढ़ रही है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को राज्य के खिलाडिय़ों को निरंतर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय खेलों के दौरान निर्मित और उन्नत किए गए खेल ढांचे का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने मुख्य सचिव को इसके लिए लिगेसी योजना की कार्ययोजना तैयार कर उस पर तेजी से कार्य करने को कहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। पहली बार राज्य के लिए खिलाडिय़ों ने 100 से अधिक पदक जीतकर पदक तालिका में सातवां स्थान प्राप्त किया। इससे खिलाडिय़ों ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार की गई अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं अब राज्य के खिलाडिय़ों के लिए प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उपयोगी होंगी। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोट्र्स कालेज और हल्द्वानी के इंदिरा गांधी स्पोट्र्स कांप्लेक्स को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है। इसके साथ ही राज्य के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना भी इसी लिगेसी प्लान का हिस्सा है।

    मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि खेल ढांचे को निष्क्रिय नहीं रहने दिया जाएगा और इसका अधिकतम उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में बनने वाला खेल विश्वविद्यालय राज्य की खेल संस्कृति को संस्थागत रूप देगा। यह न केवल प्रशिक्षण और रिसर्च का केंद्र बनेगा बल्कि कोचिंग, खेल विज्ञान, फिजियोथेरेपी, व प्रबंधन के क्षेत्र में भी युवाओं को अवसर प्रदान करेगा।

    ‘उत्तराखंड को आज खेल भूमि के रूप में देखा जा रहा है, यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। राष्ट्रीय खेलों की सफलता ने एक नई चेतना जागृत की है। राज्य सरकार खेल और खिलाडिय़ों के सर्वांगीण विकास को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटी हुई है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक हर जगह खेल प्रतिभाओं के लिए एक नया और उज्जवल भविष्य आकार ले रहा है।’ -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड