सीएम धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर की आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता और भोजन मातओं के मानदेय में वृद्धि सहित कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हुए राज्योत्सव कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला कल्याण समेत 13 प्रमुख घोषणाएं कीं। उन्होंने देहरादून में हुए कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं तो वहीं, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस का नाम लिए बगैर जम कर निशाना साधा है।
वहीं, गैरसैंण में उन्होंने 34 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, 12 हजार से अधिक आशा कार्यकर्ताओं और 24 हजार से अधिक भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की।
वहीं, उन्हाेंने लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार एवं नए स्वरोजगार कार्यों के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की भी घोषणा की। यह वृद्धि कितनी होगी इस पर शीघ्र शासनादेश जारी होंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर सोमवार सुबह देहरादून के शहीद स्मारक में जाकर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण पहुंचे।
यहां उन्होंने महिला कल्याण समेत प्रदेश किसान, शिक्षा, वन्य जीवों के हमले में पीड़ित व्यक्तियों व युवा, बुजुर्ग व दिव्यांगों के कल्याण के संबंध में अहम घोषणाएं की।
इसके बाद देहरादून गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोकसंपर्क विभाग की पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमाेचन किया।
उन्होंने कहा कि विकास पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कार्यों का हिसाब प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आकंड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में भी दिखाई देना चाहिए।
वहीं, विपक्ष कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन पर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश एक ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है यहां विकास कार्य हो रहे हैं वहीं विपक्ष आपत्तियों की पूरी फाइल लपेट के बैठा है।
प्रदेश में सड़कों के निर्माण से लेकर समान नागरिक संहिता आदि जैसे अहम कदमों पर विपक्ष को आपत्ति ही है। यहां तक की जनता यदि भाजपा सरकार को आशीर्वाद दे रही है तो विपक्ष को इसमें भी घोर आपत्ति है।
एनडी तिवारी के कार्यकाल को सराहा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह नारायण दत्त तिवारी का स्मरण करते हैं, भले ही कांग्रेस उन्हें याद न करे, लेकिन हम करते हैं। पंतनगर सिडकुल का नाम उनके नाम पर रखा। उनके गांव जाने वाली पदमपुरी देवरिया सड़क का नाम भी उनके नाम पर किया। उनके नाम का गेट भी लगाया। वह कहते थे कि विकास अनवरत रूप से चलने वाली प्रक्रिया है।
अंकिता भंडारी प्रकरण का भी किया उल्लेख
उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए सरकार द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही कहा कि हमारा दायित्व है कि परिवार की बात सुनी जाए, तथ्यों को गंभीरता से लिया जाए।
इस पर भी लोग राजनीति कर रहे हैं। वह कहना चाहते हैं कि जो इससे रास्ता देख रहे हैं, वह सवाल उठाए, तथ्य रखें, लेकिन संवेदनशील मामले को वापसी की सीढ़ी बनाकर वापसी का रास्ता न तलाशें।
प्रमुख घोषणाएं
- वन्यजीवों के हमले में घायलों को प्लास्टिक सर्जरी के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता
- जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी व वाचनालयों की स्थापना
- विद्युत आपूर्ति वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
- बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ क्षेत्राें के नागरिकों के लिए अपुणि सरकार पोर्टल की प्रभावी व्यवस्था
- छोटे किसानों एवं बिजली उपभोक्ताओं के बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ
- लोकगायक स्वर्गीय बाबू गोस्वामी एवं स्व. चंद्र सिंह राही को मिलेगा उत्तराखंड गौरव सम्मान
- अतिथि शिक्षकों के मानदेय में होगी शीघ्र वृद्धि
- आंदोलनकारियों की मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति का होगा गठन।
- वर्ष 2013-14 में नियुक्त राज्य आंदोलनकारियों के मामले में होगी सकारात्मक कार्रवाई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।