दो पायलट की अनिवार्यता के विरोध में चारधाम की चार्टर्ड हेली सेवाएं बंद, बदरीनाथ हादसे के बाद डीजीसीए ने बनाया है नियम
डीजीसीए के नए सुरक्षा नियमों के तहत चार्टर्ड हेलीकॉप्टर उड़ानों में दो पायलटों की अनिवार्यता के कारण चारधाम यात्रा की चार्टर्ड हेली सेवाएं बंद कर दी गई हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, दैनिक जागरण, देहरादून। चारधाम यात्रा के शेष सत्र में अब चार्टर्ड हेलीकाप्टर सेवाएं संचालित नहीं होंगी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से सोमवार से चारधाम में सिंगल इंजन हेलीकाप्टरों की चार्टर्ड उड़ानों में दो पायलट अनिवार्य किए जाने का निर्णय हेली कंपनियों को रास नहीं आया।
उन्होंने सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया है। कंपनियों ने बढ़ते परिचालन खर्च को इसका कारण बताते हुए पहले से की गई बुकिंग भी निरस्त कर दी हैं। हालांकि, केदारनाथ धाम के लिए नियमित शटल सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
दरअसल, बीते शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहे हेलीकाप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद डीजीसीए ने चारधाम क्षेत्र में हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने का निर्णय लिया था। इसके तहत दो नवंबर से सभी चार्टर्ड उड़ानों में दो पायलटों की तैनाती अनिवार्य की गई है।
हेली कंपनियों का कहना है कि मौजूदा टिकट दरों पर दो पायलटों के साथ उड़ान संचालन करना आर्थिक रूप से व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में उन्होंने शेष यात्रा सत्र में सेवाएं जारी रखने में असमर्थता जताई है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि 10 नवंबर तक के शेष यात्रा सत्र के लिए चार्टर्ड हेली सेवाएं बंद हो गई हैं। कंपनियों ने अपनी मौजूदा बुकिंग निरस्त करने की सूचना भी प्राधिकरण को दी है।
डीजीसीए ने सुरक्षा के मद्देनजर उड़ानों की निगरानी और अनुमति की प्रक्रिया भी सख्त की है। अब प्रत्येक टेकआफ और लैंडिंग के लिए यूकाडा के हेली आपरेशन अधिकारी (एचओओ) की अनुमति जरूरी होगी।
उड़ान से पहले सहस्रधारा अथवा सोनप्रयाग हेलीपैड पर तैनात अधिकारी से गंतव्य की मंजूरी लेनी होगी। प्रत्येक लैंडिंग के बाद लिखित रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर अगली उड़ान को अनुमति मिलेगी।
दूसरे पायलट की उपलब्धता के लिए कंपनियां आपसी समन्वय से व्यवस्था कर सकेंगी। 60 वर्ष से अधिक आयु के योग्य पायलट को सह-पायलट बनाने की भी छूट दी गई है।
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम में हेलीकॉप्टर हादसे के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था अटल, शनिवार को भी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।