शादी के बंधन में बंधने जा रहे दूल्हा-दुल्हन पहुंचे थाने
कचहरी परिसर स्थित शिव मंदिर में शादी के बंधन में बंधने जा रहे दो नाबालिगों को थाने जाना पड़ा। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून: कचहरी परिसर स्थित शिव मंदिर में शादी के बंधन में बंधने जा रहे दो नाबालिगों को थाने जाना पड़ा। दरअसल, लड़की के परिजनों ने क्लेमेनटाउन थाने में शिकायत कर शादी रुकवाने की मांग की। जिसके बाद पुलिस कचहरी परिसर पहुंची और परिजनों सहित दूल्हा-दुल्हन को थाने ले आई। दोनों के परिजनों को आयु प्रमाण पत्र दिखाने को कहा। प्रमाण पत्रों में दोनों नाबालिग पाए गए, जिसके बाद परिजनों के आपसी सहमति के बाद लड़की को उसके परिजनों के साथ भेज दिया। डालनवाला क्षेत्र के रहने वाले लड़के और क्लेमेनटाउन की एक लड़की ने घरवालों से शादी की बात की। इस पर लड़के पक्ष के लोग तो मान गए, लेकिन लड़की पक्ष सहमत नहीं हुआ। गुरुवार को दोनों ने शादी का फैसला किया और कुछ परिजनों के साथ कचहरी स्थित शिव मंदिर पहुंच गए। जैसे ही इसकी भनक लड़की के परिजनों को लगी, उन्होंने लड़की को नाबालिग बताते हुए शादी रुकवाने की मांग की। सूचना पर क्लेमेनटाउन पुलिस कचहरी पहुंची और शादी रुकवा दी। इस पर परिजन और लड़का-लड़की हंगामा करने लग गए। दोनों ने खुद को बालिग बताया और एक-दूसरे के साथ ही रहने की जिद करने लग गए। बाद में पुलिस सभी को थाने ले आई और दोनों पक्षों से आयु प्रमाण पत्र दिखाने को कहा। एसओ क्लेमेनटाउन दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि आधार कार्ड में तो लड़की बालिग दिखाई गई है। लेकिन, स्कूली प्रमाण पत्रों में वह अभी नाबालिग है। जबकि, लड़का भी बालिग नहीं है। लड़की के परिजन फिलहाल शादी से इंकार कर रहे हैं, जबकि लड़की घर जाने को तैयार नहीं थी। हालांकि दोनों के परिजन उनके बालिग होने पर शादी करने को तैयार हो गए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।