Move to Jagran APP

Uttarakhand Politics: उत्‍तराखंड में नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा

उत्‍तराखंड में बुधवार को घर घर भाजपा हर घर भाजपा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के कहा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का 15 या 16 नवंबर को कुमाऊं का दौरा प्रस्तावित है।

By Sunil NegiEdited By: Published: Thu, 11 Nov 2021 07:59 AM (IST)Updated: Thu, 11 Nov 2021 07:59 AM (IST)
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक। फाइल

राज्य ब्यूरो, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अब राज्य में चुनावी माहौल गर्माने की तैयारी में जुट गई है। इस कड़ी में पार्टी ने नई रणनीति के अंतर्गत माहभर के कार्यक्रम तय कर दिए हैं। बुधवार को 'घर घर भाजपा, हर घर भाजपा' जनसंपर्क अभियान से इसकी शुरुआत भी हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का 15 अथवा 16 नवंबर को कुमाऊं क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि इसी माह सभी 252 मंडल इकाइयों के सम्मेलन, 14 जिला इकाइयों की कार्यसमिति की बैठकें व सभाएं होंगी। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी इसी माह देहरादून में प्रस्तावित है।

loksabha election banner

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा मैदान में उतर चुकी है। पार्टी ने बूथ स्तर तक अपनी इकाइयों को सक्रिय करने के साथ ही पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिलों में मंत्रियों, प्रांतीय पदाधिकारियों के दौरे हो चुके हैं। केंद्रीय मंत्रियों के दौरों की शुरुआत पिछले माह से हो चुकी है। हाल में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब प्रदेश में चुनाव अभियान को नई रणनीति के साथ मूर्त रूप दिया जा रहा है।

इस कड़ी में बीते रोज पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें माहभर के कार्यक्रम तय किए गए। बुधवार को जनसंपर्क अभियान की शुरुआत के अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव की दृष्टि से पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में खड़ी है। माहभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा रखते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी के चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन प्रभारी गुरुवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। वे दो दिन तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

कौशिक के मुताबिक जल्द ही सभाओं का क्रम शुरू किया जा रहा है और एक बड़ी सभा से इसकी शुरुआत होगी। यह सभा राष्ट्रीय अध्यक्ष, चुनाव प्रभारी, मुख्यमंत्री अथवा केंद्रीय मंत्रियों व नेताओं में से किसी एक की हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रस्तावित कुमाऊं दौरे के मद्देनजर सभा स्थल का शीघ्र ही निर्धारण कर दिया जाएगा।

कांग्रेस चुनाव मैदान से बाहर

कांग्रेस के बुधवार के उपवास कार्यक्रम के बारे में पूछने पर कौशिक ने कहा कि जो राजनीतिक दल सामने था, उसने चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है। साथ ही यह दल स्वयं को चुनाव मैदान से बाहर समझकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि कोरी घोषणाओं से जनता का विश्वास नहीं जीता जाता।

महिलाओं व युवाओं की बढ़ेगी भागीदारी

एक सवाल पर कौशिक ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसे टिकट दिया जाएगा और किसे नहीं, यह तय करना पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड का विषय है। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी महिलाओं व युवाओं की भागीदारी बढ़ाएगी।

यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Politics: आमजन से संपर्क कर जनसरोकारों से जुड़ेगी भाजपा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.