65 पार के लक्ष्य के साथ भाजपा फूंकेगी चुनावी बिगुल, हरिद्वार में जुटेंगे 900 नेता-कार्यकर्ता
भाजपा उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है, जिसके लिए हरिद्वार में 21-22 नवंबर को प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक हो रही है।
-1795171129999_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछाने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक को पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के शंखनाद के रूप में देख रही है।
बैठक में जहां 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति पर मंथन होगा, वहीं लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए संगठन की जिम्मेदारियां और आगामी कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे। करीब 900 नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में होने वाली यह बैठक भाजपा के चुनावी अभियान की दिशा तय करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में होने वाली यह कार्यसमिति प्रदेश की राजनीति को एक स्पष्ट संदेश देने का माध्यम बनेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश में 65 पार का लक्ष्य और नारा दिया है।
पार्टी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिहाज से यह कार्यसमिति मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि कल 21 नवंबर को पहले दिन होने वाली बैठक में विभिन्न मोर्चों, मंडलों और जिलों के पदाधिकारियों के साथ 22 प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे।
शनिवार शाम छह बजे कार्यकर्ताओं के साथ विशेष मंथन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के साथ 22 नवंबर को प्रस्तुत किए जाने वाले राजनीतिक प्रस्ताव की रूपरेखा भी तय होगी।
22 नवंबर को होने वाली विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, मंत्रियों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों एवं सदस्यों, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों, निकायों के अध्यक्षों, पार्षदों और सभासदों के साथ विभिन्न समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों और सरकार में दायित्वधारियों की भागीदारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि संगठन के प्रत्येक स्तर के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि चुनाव से पहले जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में जुटेंगे 40 देशों के श्रद्धालु, माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी समारोह का होने जा रहा आयोजन
यह भी पढ़ें- अर्द्धकुंभ सुरक्षा: हरिद्वार-ऋषिकेश में कमांड कंट्रोल रूम, AI और 1021 सीसीटीवी से निगरानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।