हरिद्वार में जुटेंगे 40 देशों के श्रद्धालु, माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी समारोह का होने जा रहा आयोजन
देव संस्कृति विवि, हरिद्वार में 21-22 नवंबर को माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी और अखंड दीप शताब्दी समारोह आयोजित होगा। इस दो दिवसीय आयोजन में 40 देशों से 24 हजार लोग शामिल होंगे, जिसका उद्देश्य धर्मतंत्र जागरण और सामाजिक समरसता है।
-1795167492345_m.webp)
HighLights
देव संस्कृति विवि में माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी।
40 देशों से 24 हजार स्वजन होंगे शामिल।
धर्मतंत्र जागरण, सामाजिक समरसता मुख्य उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। देव संस्कृति विवि में माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी समारोह 21 नवंबर और 22 नवंबर को आयोजित होगा। इस संबंध शुक्रवार को जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण ही जन्मशताब्दी समारोह का मूल उद्देश्य है।
श्रेष्ठ और संतुलित समाज के निर्माण के लिए राजतंत्र और धर्मतंत्र दोनों का जागरण आवश्यक है। राजतंत्र समाज को व्यवस्था और दिशा देता है, जबकि धर्मतंत्र उसे नैतिकता, संवेदना, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से समृद्ध करता है।

डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी समारोह के अंतर्गत पांच दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला निर्धारित की गई है। इसमें तीन दिवसीय आयोजन नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में संपन्न हो चुका है।
दिल्ली के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य शासन, नीति-निर्माण और सामाजिक नेतृत्व से जुड़े राजतंत्र को जागृत करना था, जबकि 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में होने वाला दो दिवसीय समारोह धर्मतंत्र के जागरण को समर्पित रहेगा।
डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इस समारोह में भारत सहित 40 देशों के करीब 24 हजार स्वजन के आने की संभावना है। देशभर में गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता भी आयोजन से जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज और युवा शक्ति के जागरण को गति देना समारोह के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। विशेष रूप से हरिद्वार के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
दो दिवसीय समारोह के दौरान ध्वजारोहण, शोभायात्रा, संत समागम और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श के सत्र आयोजित होंगे। संत समागम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी राजराजेश्वराश्रम, स्वामी चिदानंद मुनि सहित अनेक प्रमुख संतों की भागीदारी होगी।
जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक ने बताया कि विभिन्न सत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, सांसद बांसुरी स्वराज सहित अनेक गणमान्य अतिथि पहुंचेंगे।
समारोह के दौरान माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट के विमोचन का भी प्रस्ताव है। देश-विदेश से परिजनों के हरिद्वार पहुंचने के साथ ही शहर का उत्तरी क्षेत्र इन दिनों श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर नजर आ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।