चुनाव परिणाम को देख अब ईवीएम पर सवाल नहीं उठा सकती कांग्रेसः भसीन
निकाय चुनाव में परिणाम पक्ष में आने पर भाजपा ने कांग्रेस को ईवीएम के मसले पर घेरा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख ने कहा कि बैलेट पेपर के प्रयोग के बावजूद काग्रेस हार गई।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। निकाय चुनावों के परिणाम पक्ष में आने के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस को ईवीएम के मसले पर घेरा है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव राष्ट्रीय महत्व के हैं। चुनाव में शानदार विजय से भाजपा को विभिन्न राज्यों मे हो रहे विधानसभा चुनावों में भी सीधा लाभ मिलेगा। चुनाव में बैलेट पेपर के प्रयोग के बावजूद काग्रेस की हार से देश में काग्रेस द्वारा ईवीएम पर सवाल उठाना अर्थहीन हो गया है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. भसीन ने कहा कि निकट भविष्य में जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान होना है, उनमें उत्तराखंड निकाय चुनाव में इस जीत से भाजपा के पक्ष में बन रहे वातावरण को और सशक्त बनाने में लाभ मिलेगा।
वहीं, काग्रेस व अन्य विपक्षी दलों द्वारा ईवीएम से चुनाव कराने पर परिणामों को लेकर उठाए जाने सवालों पर भी विराम लगेगा। उन्होंने कहा कि काग्रेस व अन्य विपक्षी दल चुनावों में भाजपा की विजय पर ईवीएम पर विवाद शुरू करते रहे हैं, लेकिन उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव में ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से मतदान हुआ जिसमें भाजपा विजयी रही व काग्रेस बुरी तरह से पिछड़ गई।
उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि जनता जिसके साथ है वही चुनाव जीतता है, चाहे मतदान ईवीएम से हो अथवा बैलेट पेपर से। डॉ. भसीन ने कहा कि उत्तराखंड के इन चुनाव परिणामों को देखते हुए काग्रेस व अन्य विपक्षी दलों को ईवीएम पर सवाल उठाना बंद कर देना चाहिए और चुनाव परिणामों को जनादेश मान कर स्वीकार करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से होगा शुरू
यह भी पढ़ें: आप की प्रत्याशी रजनी रावत ने चुनाव में किया सबसे ज्यादा खर्च