Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड में किसानों को साधने में जुटी भाजपा

    By Edited By:
    Updated: Tue, 15 Jan 2019 08:38 PM (IST)

    आसन्न लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सबको साथ लेने की रणनीति पर चल रही भाजपा अब प्रदेश में किसानों को साधने में जुट गई है।

    लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड में किसानों को साधने में जुटी भाजपा

    देहरादून, राज्य ब्यूरो। आसन्न लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सबको साथ लेने की रणनीति पर चल रही भाजपा अब प्रदेश में किसानों को साधने में जुट गई है। इस कड़ी में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित पार्टी के किसान मोर्चा की गढ़वाल संभाग की बैठक में भी मसला लोस चुनाव पर केंद्रित रहा। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मोर्चा पदाधिकारियों से कहा गया कि वे किसानों के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा किसान हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दें। इस अवसर पर 20 जनवरी से 20 फरवरी तक प्रत्येक गांव में किसान सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। 

    भाजपा किसान मोर्चा के प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ ही गढ़वाल के आठ सांगठनिक जिलों चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून महानगर, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार के जिलाध्यक्ष व महामंत्री बलवीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंथन को जुटे। 

    मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण चुनाव है। राज्य से लोस की पांचों सीटें फिर से भाजपा की झोली में जाएं, इसके लिए सभी को जुटना होगा। इसमें किसानों की भूमिका अहम रहेगी। 

    चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने खेती-किसानी को सर्वाधिक तवज्जो दी है। किसानों के उत्थान को अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। यही नहीं, राज्य सरकार भी किसानों की आय दोगुना करने की कोशिशों में जुटी है। 

    इस क्रम में उन्होंने किसानों को गत वर्ष का गन्ना मूल्य का पूर्ण भुगतान, धान की क्रय नीति, दो फीसद ब्याज पर ऋण, वक्त पर खाद-बीज की उपलब्धता, कृषि संयंत्रों के लिए अब शून्य ब्याज पर ऋण जैसे कदमों का उल्लेख किया। इस अवसर पर 20 जनवरी से 20 फरवरी तक राज्य के सभी गांवों में किसान सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गई। 

    तय हुआ इस दौरान किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकारों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही किसानों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में 23-24 फरवरी को गोरखपुर में होने वाले किसान महाकुंभ के संबंध में भी चर्चा हुई और तय किया गया कि उत्तराखंड से इसमें मोर्चा के 500 कार्यकर्ता व पदाधिकारी भाग लेंगे। बैठक में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह पुंडीर, महामंत्री गजेंद्र सिंह, योगेश व पवली देवी, पवन, विजय भट्ट आदि ने भी विचार रखे।

    यह भी पढ़ें: भाजपाइयों ने देखी 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' फिल्म, फिर साधा कांग्रेस पर 

    यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव में पहाड़ में शायद ही दौड़ पाए साइकिल संग हाथी

    यह भी पढ़ें: हरीश रावत बोले, देश के लिए 'गेम चेंजर' साबित होगा गठबंधन